पुवायां (शाहजहांपुर)। सरदार वीएम सिंह के किसान मजदूर संगठन के बैनर तले सोमवार को किसानों ने गन्ना के बकाए भुगतान को लेकर पुवायां की सहकारी गन्ना विकास समिति के परिसर में धरना प्रदर्शन कर जमकर नारेबाजी की। इसके बाद मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक और समिति के सचिव को सौंपा गया।
सोमवार सुबह से ही संगठन के कार्यकर्ता और किसान समिति के परिसर में आ पहुंचे और धरना शुरू कर दिया। संगठन के जिलाध्यक्ष अमरजीत सिंह ने किसानों को संबोधित करते हुए कहा कि संगठन के संयोजक वीएम सिंह 25 वर्षों से गन्ना किसानों की लड़ाई कोर्ट और सड़क पर लड़ रहे हैं। वीएम सिंह की याचिका पर एक मई 97 को सुप्रीम कोर्ट ने किसानों को ब्याज सहित राशि देने के आदेश दिया था, लेकिन ब्याज नहीं दिए जाने पर अवमानना याचिका में बुलंदशहर के मिल मालिक को गिरफ्तार कर ब्याज दिलवाया गया।
मुख्यमंत्री को संबोधित ज्ञापन में कोर्ट के आदेश के बाद भी प्रदेश की 25 सहकारी चीनी मिलों ने ब्याज का भुगतान किसानों को नहीं किया है। किसानों को चीनी मिलों पर ब्याज का लगभग दो हजार करोड़ रुपया बकाया है। गन्ना मंत्री और आयुक्त के ब्याज दरें कम करने के बाद भी ब्याज की राशि नहीं मिली है, जिस कारण प्रदेश भर में धरना प्रदर्शन करना पड़ रहा है। किसानों ने चीनी मिलों से ब्याज सहित भुगतान कराने की मांग की है। धरना प्रदर्शन के दौरान गौरव शर्मा, शशिकांत, शब्बीर खां, गुरुदेव सिंह, सतनाम सिंह, कमलेश कुमार, मंगल खां, चरन सिंह, अवधेश कुमार, अनिल सहित तमाम किसान मौजूद रहे।