बंडा (शाहजहांपुर)। किराए पर रहने वाले एक युवक ने कमरे में पंखे के कुंडे से लटकर कर जान दे दी। मकान मालिक की सूचना पर पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव चिल्हौटा निवासी 30 वर्षीय विवेक उर्फ कल्लू बंडा के मोहल्ला रामनगर कालोनी में पुष्पा देवी के मकान में किराए पर रहता था। विवेक की शादी नहीं हुई है। रविवार रात किसी समय उसने कमरे के कुंडे के सहारे लगे फंदे से लटक कर जान दे दी। सोमवार को सुबह उसका शव कमरे में लटकता देख मकान में रहने वाले अन्य किराएदारों ने पुष्पा देवी को घटना की जानकारी दी। पुष्पा देवी ने यूपी-100 पर सूचना दी।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मुआयना किया और मोहल्ले में ही रहने वाले विवेक के भाई कृष्ण गोपाल को सूचना दी। कृष्ण गोपाल के पहुंचने के बाद पुलिस ने शव को उतरवा पोस्टमार्टम को भेजा है। थाना प्रभारी हरपाल सिंह बालियान ने बताया कि सूचना के आधार पर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक नशे का आदी बताया जाता है। इस मामले में कोई तहरीर नहीं दी गई है।