परौर। थाना क्षेत्र के गांव कुबेरपुर में स्थित जलाशय में पानी पीने के बाद शिवाला की जहरीली घास खाने से एक भैंस की मौत हो गई, जबकि करीब 20 जानवर बीमार पड़ गए हैं। अचानक जानवरों के बीमार पड़ने से पशुपालकों में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पहुंचे पशु चिकित्सकों ने बीमार जानवरों का इलाज किया।
कुबेरपुर में स्थित जलाशय के आसपास पशु पालक अपने जानवरों को चराने जाते हैं। मंगलवार को भी कई जानवर वहां पर चर रहे थे। बताया जाता है कि जानवरों ने पहले जलाशय में पानी पीया फिर पड़ोस के गांव कौही निवासी नरेश के शिवाला के खेत में घुस गए और घास को चरने लगे। ग्राम वासियों के मुताबिक शिवाला पर जहरीला पदार्थ छिड़का गया था। जिसको खाने की वजह से श्रीपाल सिंह पुत्र रामेश्वर सिंह की भैंस मर गई, जबकि कुबेरपुर के शीशपाल, मुकेश, धीरपाल, दृगपाल, राकेश, कृष्णपाल के जानवर बीमार हो गए।
सूचना के पशु चिकित्सा विभाग के गौरव और अखिलेंद्र सिंह ने गांव पहुंचकर बीमार जानवरों का इलाज किया। जानकारी मिलने पर थाना परौर के हलका इंचार्ज उपनिरीक्षक अमर सिंह यादव भी मय फोर्स पहुंचे और घटनास्थल पर जाकर मुआयना किया।