शाहजहांपुर। रोजा सहकारी गन्ना समिति की जांच में 55 सट्टे डबल और फर्जी तरीके से संचालित होते पाए गए हैं। जिनको बंद कर उनके संचालकों को नोटिस जारी किया गया है।
जिला गन्ना अधिकारी खुशीराम ने बताया कि रोजा सहकारी गन्ना समिति लिमिटेड में सट्टा जांच चल रही है। जिसमें कई डबल और फर्जी सट्टे पकड़े गए हैं। डुप्लीकेट बैंक एकाउंट पर 36 व आधार पर 19 सट्टे संचालित पाए गए। जिनको चिह्ति कर बंद करने के साथ ही संचालकों को नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। उन्होंने बताया कि तियुल्क निवासी वीरपाल व विजरानी की ओर से खतौनी में खाता संख्या 003368 के गाटा संख्या 694 में रकबा 1.01560 हेक्टेयर दिखाया गया था। जिसकी जांच भूलेख से करने पर फर्जी पाई गई। उस खतौनी/गाटा संख्या में रकबा 0.1560 हेक्टेयर मिला। इसी तरह से खीरी के पूर्वी लखपेड़ा गांव के सतीश सिंह ने समिति सदस्य बनने के लिए खतौनी प्रस्तुत की थी, जिसका खाता संख्या 00301 व गाटा संख्या 349 में रकबा 0.4050 हेक्टेयर दिखा गया। जिसकी जांच भूलेख से करने पर रकबा 0.2050 ही मिला। तीनों सट्टा संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के साथ ही सट्टा व सदस्यता समाप्ति की कार्रवाई की गई। जांच करने वालों में गन्ना विकास परिषद के गन्ना पर्यवेक्षक रामरक्षा तिवारी व गन्ना पर्यवेक्षक हरनरायण अनुरागी शामिल रहे।