शाहजहांपुर। कांग्रेस नेताओं का शिष्टमंडल निवर्तमान जिलाध्यक्ष कौशल मिश्रा के नेतृत्व में शुक्रवार को डीएम इंद्र विक्रम सिंह से मिला और उनसे किसानों को धान का समर्थन मूल्य दिलाने के लिए सभी क्रय केंद्र जल्द खोले जाने की मांग की है। डीएम को दिए ज्ञापन में कांग्रेस नेताओं ने कहा है कि अधिकांश क्रय केंद्र अभी तक खुले नहीं हैं और जो केंद्र खुले हैं, वहां धान में नमी अधिक बताकर किसानों को टरकाया जा रहा है। इसी मौके पर डीएम को एक अन्य ज्ञापन देकर कांग्रेसियों ने गत 30 सितंबर को पार्टी की लखनऊ तक प्रस्तावित पदयात्रा रोके जाने के बावजूद अन्य संगठनों के प्रदर्शनों पर निषेधाज्ञा लागू नहीं किए जाने के मामले में कृत कार्यवाही का ब्यौरा मांगा है।
ज्ञापन में कहा गया है कि धान पककर तैयार हो चुका है, लेकिन किसान अपनी उपज मंडियों में औने-पौने दामों पर बेचने को मजबूर हैं। प्रशासन ने 136 धान क्रय केंद्र खुलने का दावा किया, लेकिन अधिकांश केंद्रों पर खरीद नहीं हो रही है। इसलिए किसान अपना धान समर्थन मूल्य से करीब 400 रुपये कम रेट पर बेचने को विवश हैं। इससे किसानों की कमर टूट रही है, लेकिन जबकि सरकार बड़े-बड़े वायदे कर किसानों की आय दोगुनी करने की बात कर रही है। इन हालातों से ऐसा प्रतीत होता है कि किसानों के साथ खरीद के नाम पर मजाक किया जा रहा है और बिचौलिए इसका फायदा उठा रहे हैं। इसलिए केेंद्र प्रभारियों को खरीद शुरू करने के निर्देश दिए जाएं।
इस मौके पर निवर्तमान जिलाध्यक्ष ने डीएम को दिए दूसरे ज्ञापन में 30 सितंबर को कांग्रेस की पदयात्रा रोके जाने, लेकिन अन्य संगठनों के प्रदर्शनों को अनुमति दिए जाने पर पार्टी की ओर से कड़ी आपत्ति दोहराते हुए इस मामले में कृत कार्रवाही से अवगत कराने का अनुरोध किया। डीएम से मिलकर लौटे कांग्रेस नेता कौशल मिश्रा ने कहा कि जनहित के किसी भी मुद्दे पर कांग्रेस खामोश नहीं बैठेगी और जिले में सशक्त विपक्ष की भूमिका निभाती रहेगी। डीएम से भेंट करने वालों में युवा कांग्रेस के पूर्व शहर अध्यक्ष फुरकान अहमद कुरैशी, प्रशांत कठेरिया, कृपाराम मिश्रा, अदीब अहमद सिद्दीकी आदि शामिल रहे।
विकास कार्यों मेें अनियमितताओं पर कार्रवाई की मांग
शाहजहांपुर। विकास खंड जलालाबाद की ग्राम पंचायत चौखुटिया में विकास कार्यों की जांच में अनियमितताएं पाए जाने पर ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी होने के बाद आगे की कार्रवाई अभी लंबित है। इस संबंध में भारत परिषद के प्रदेश अध्यक्ष अजीत कुमार सिंह शुक्रवार को जिला पंचायत राज अधिकारी पवन कुमार से मिले और उन्हें ज्ञापन देकर कहा कि जांचोंपरांत शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर परिषद के कार्यकर्ता आंदोलन छेड़ देंगे।
ज्ञापन मेें कहा गया है कि चौखुटिया के ग्रामीणों ने गांव के विकास कार्यों में घोर वित्तीय अनियमितताएं किए जाने की शपथ पत्र सहित शिकायत की थी। अधिकारियों की तीन सदस्यीय समिति द्वारा जांच किए जाने के बाद ग्राम प्रधान एवं ग्राम पंचायत अधिकारी को गत सात सितंबर को डीएम के स्तर से कारण बताओ नोटिस जारी हुए, लेकिन तब से कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई गई, जबकि इस बाबत लगातार प्रार्थना पत्र दिए जा रहे हैं।
दबंगई दिखाकर हफ्ता वसूली के प्रयास पर भड़के व्यापारी
शाहजहांपुर। व्यापारियों से दबंगई दिखाकर उनसे हफ्ता वसूली का प्रयास किए जाने के मामले में शिकायतें करने पर भी काई कार्रवाई नहीं होने पर व्यापारी शुक्रवार को सड़क पर उतर आए। उन्होंने कलक्ट्रेट में प्रदर्शन किया और बाद में प्रतिनिधि उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष मनीष गुप्ता ने डीएम इंद्र विक्रम सिंह को ज्ञापन देकर मामले की जांच कर आरोपी पर कार्रवाई करने की गुहार की।
ज्ञापन में कहा गया है कि एक व्यक्ति कुछ लोगों का समूह बनाकर बाजारों में व्यापारियों को डरा-धमकाकर उनसे रकम उगाही करता है और मांग पूरी नहीं करने पर झूठी शिकायत कर छापे डलवाने की धमकी देता है। उसने रकम नहीं देने पर जमौर इंडस्ट्रियल एरिया में संगठन के प्रदेश सचिव रामकुमार गुप्ता की नमकीन फैक्ट्री पर गत 26 सितंबर को श्रम विभाग का छापा डलवाया, लेकिन वहां सब कुछ ठीक मिलने पर अधिकारी लौट गए। ऐसे मामलों पर रोक लगाने के लिए धन की उगाही में लिप्त लोगों की पहचान कर उनके विरुद्ध कानूनी कार्रवाई की जाए। प्रदर्शन में विनय अग्रवाल, वेद प्रकाश गुप्ता, राजू बग्गा, सचिन अग्रवाल, इरशाद, किशन लाल, नदीम खां, अमर रावत आदि शामिल रहे।