शाहजहांपुर। शिक्षकों ने अपना तबादला रुकवाने के लिए विद्यार्थियों को आगे कर नई परंपरा डाली है। कुछ यही नजारा शनिवार को देखने को मिला। विकास खंड ददरौल के राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धन्यौरा की छात्राएं स्कूल समय में एक शिक्षक का तबादला रुकवाने के लिए कलक्ट्रेट प्रदर्शन करने पहुंच गईं। डीएम को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा और तबादला रुकवाने की मांग की।
राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय धन्यौरा की छात्राएं स्कूल यूनीफार्म में कुछ ग्रामीणों के साथ शनिवार दोपहर करीब 12 बजे कलक्ट्रेट पहुंच गईं। स्कूल समय में छात्राओं को कलक्ट्रेट में देखकर पहले तो सभी चौक गए, लेकिन जब गुरुजी का तबादला रुकवाने का लोगों को पता चला तो सभी हैरान रह गए। यहां छात्राओं ने बाकायदा स्कूल शिक्षक सुरेंद्र पाल के समर्थन में प्रदर्शन किया और उनका तबादला रुकवाने की मांग की।
ज्ञापन में प्रधान कोमल समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणों के भी हस्ताक्षर हैं। बता दें कि कुछ समय पहले जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) में संबद्ध एक परिषदीय स्कूल के शिक्षक का संबद्धीकरण बीएसए द्वारा निरस्त किए जाने पर प्रशिक्षुओं ने बरेली मोड़ पर प्रदर्शन किया था।
डीआईओएस नहीं उठाते सीयूजी नंबर
शाहजहांपुर। स्कूल समय में छात्राओं द्वारा शहर आकर कलक्ट्रेट में प्रदर्शन करने केे मामले जब डीआईओएस पंकज पांडेय से बात करनी चाही, तो उनसे संपर्क नहीं हो सका। यह कोई पहला मौका नहीं है, जब डीआईओएस ने फोन रिसीव करना जरूरी नहीं समझा। डीआईओएस शाम को अपना सीयूजी नंबर वाला मोबाइल फोन भी उठाने की जरूरत नहीं समझते।