शाहजहांपुर। घरेलू बिजली दरों मेें की गई 12.5 प्रतिशत की वृद्धि वापस नहीं लिए जाने और महानगर में आए दिन होने वाले लाइन फाल्ट दूर करने के लिए प्रभावी व्यवस्था नहीं किए जाने के विरोध में उद्योग व्यापार मंच से जुड़े शहर के व्यापारियों ने शुक्रवार को बारिश की परवाह किए बगैर पावर कारपोरेशन के जेल रोड स्थित सर्किल आफिस जाकर जमकर नारेबाजी की। अधीक्षण अभियंता अजीत कुमार श्रीवास्तव को दफ्तर से गैरहाजिर पाकर व्यापारियों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने वहीं पर धरना दे दिया।
हालांकि, बाद में एसई के निर्देश पर वहां पहुंचे एक्सईएन सिटी प्रशांत गुप्ता ने संगठन के प्रदेश महामंत्री विशेश्वरनाथ हांडा से ज्ञापन लिया और उस पर बिंदुवार कार्यवाही करने का भरोसा दिलाया।
व्यापारी नेता हांडा ने ज्ञापन पर वार्ता के लिए अधीक्षण अभियंता से मोबाइल पर बात करके पहले से समय ले रखा था। प्रदर्शन के लिए शहर के विभिन्न इलाकों के व्यापारी सुबह दस बजे से लोनिवि के अतिथि गृह परिसर में जमा होने लगे। इस दौरान रिमझिम फुहारें गिरती रहीं, लेकिन व्यापारी लगातार आते रहे। करीब एक घंटे बाद व्यापारियों का समूह जेल रोड पर नारेबाजी करते हुए सर्किल आफिस पहुंचा, लेकिन वहां जाने पर अधीक्षण अभियंता की सीट खाली देख व्यापारियों का पारा हाई हो गया। वहां के एक लिपिक ने बताया कि साहब अभी आपके सामने से निकल गए हैं। इससे वार्ता करने आए पदाधिकारियों का गुस्सा बढ़ गया।
इस बीच, व्यापारी नेता हांडा ने एसई से मोबाइल पर संपर्क कर आफिस में मौजूद नहीं मिलने पर कड़ी नाराजगी दर्ज कराई। मंच के जिलाध्यक्ष अजय यादव और युवा प्रकोष्ठ के नगर अध्यक्ष रजत गुप्ता ने साफ कह दिया कि अधीक्षण अभियंता के आने व्यापारी नहीं हटेंगे। इसी के साथ व्यापारियों ने नारेबाजी तेज कर कार्यालय में हंगामा काटना शुरू कर दिया। स्टाफ से जानकारी पाकर एसई ने एक्सईएन सिटी को कार्यालय भेजा। एक्सईएन गुप्ता ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन लेकर कहा कि बिजली दरों मेें वृद्धि सकार का नीतिगत फैसला है, लेकिन बिजली से जुड़ीं स्थानीय स्तर की अन्य समस्याओं का समाधान जल्द करा दिया जाएगा। प्रदर्शन में पंकज यादव, श्याम जी गुप्ता, लालू पुजारी, राजीव वाजपेयी, आशीष शुक्ला, सुरेंद्र सक्सेना, अभिषेक यादव, वरुण मुद्गल, हरप्रीत सिंह, इशहाक रजा कादरी आदि शामिल रहे।