ओसीएफ स्पोर्ट्स कांपलेक्स में चल रहे तीन दिवसीय आयुध एवं आयुध उपस्कर उत्तर क्षेत्रीय निर्माणी पुरुष कबड्डी टूर्नामेंट में मेजबान आर्डनेंस क्लोथिंग फैक्ट्री शाहजहांपुर (ओसीएफएस) ने एक बार फिर चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया है। रविवार देर शाम खेले गए फाइनल मुकाबले में उसने अपने प्रतिद्वंदी ओएलएफ देहरादून को कड़े संघर्ष के बाद के 20-15 से पराजित कर श्रेष्ठता साबित की। समापन पर दीपशिखा महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष आशा रानी शर्मा ने विजेता और उपविजेता टीम को पुरस्कृत किया। उन्होंने टीम को चमचमाती ट्रॉफी के साथ खिलाड़ियों को व्यक्तिगत रूप से भी पुरस्कृत किया। इस अवसर पर उन्होंने विजेता टीम को अर्जित अंकों (20) के आधार पर बीस हजार रुपये नगद देने की घोषणा भी की।
फाइनल मुकाबले का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्रीमती शर्मा ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। फाइनल देखने के लिए मैदान पर दर्शक भी खूब जुटे। अपनी टीम का समर्थन करते हुए दर्शकों ने मेहमान खिलाड़ियों का उत्साह तो बढ़ाया ही साथ ही हूटिंग भी जमकर की। एक-एक अंक के लिए जूझते खिलाड़ियों ने एक-दूसरे पर जमकर हमला बोला, लेकिन जीत मेजबान टीम के ही हिस्से आई। इस अवसर पर ओसीएफ महाप्रबंधक चंद्र भूषण शर्मा, अपर महाप्रबंधक के सत्यनारायणा और सुकुमार रथ, एम वमन दास, एके प्रसाद, एसएस डोएफोडे, डी कुहन, सीएमओ डॉ. एके वर्मन, लक्ष्मी सत्यनारायणा, शिल्पा डोएफोडे, कायल कुहन आदि मौजूद रहे।
आयोजन सचिव सौरभ सिंह ने टूर्नामेंट की रिपोर्ट प्रस्तुत कर मुख्य अतिथि के अलावा सभी अधिकारियों, मेहमान खिलाड़ियों, उनके कोच, टीम मैनेजर तथा सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।