माध्यमिक कॉलेजों की जिला स्तरीय फुटबाल प्रतियोगिता का आयोजन ओसीएफ रामलीला मैदान में किया गया।
प्रतियोगिता के बालक सीनियर वर्ग में पहला मुकाबला ग्लेरिंग पब्लिक स्कूल और छावनी परिषद स्कूल के मध्य हुआ, इस मैच में ग्लेरिंग स्कूल ने 2-1 से जीत दर्ज की। दूसरा मैच ओसीएफ इंटर कॉलेज और जनता इंटर कॉलेज के बीच खेला गया। यह मुकाबला ओसीएफ ने शून्य के मुकाबले तीन गोल से अपने नाम किया। फाइनल मुकाबला ओसीएफ और ग्लेरिंग स्कूल के बीच हुआ, जिसमें ओसीएफ ने 2-0 से जीत दर्ज कर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। इसी तरह सब जूनियर वर्ग में भी इन्हीं स्कूल-कॉलेजों की टीमों ने सहभागिता की। पहले मैच में ओसीएफ ने ग्लेरिंग स्कूल को, दूसरे मैच में जनता कॉलेज ने छावनी परिषद को पराजित कर फाइनल खेलने का अधिकार पाया। फाइनल में ओसीएफ ने जनता कॉलेज को 2-0 से पराजित कर जनपद विजेता बनने का गौरव हासिल किया।
बालिका वर्ग में आर्य कन्या इंटर कॉलेज और छावनी परिषद स्कूल की ही टीमों ने प्रतिभाग किया, इसलिए इनके बीच सीधा फाइनल मुकाबला ही कराया गया, जिसमें आर्य कन्या पाठशाला ने शून्य के मुकाबले दो गोल से जीत दर्ज की। इससे पूर्व प्रतियोगिता का शुभारंभ जिला फुटबाल एसोसिएशन के सचिव दिलीप शर्मा ने किया। निर्णायक मंडल में अशोक मौर्या, संजीव सिंह, शेर सिंह विष्ट, गंगाराम प्रेमी, राम कुमार, सूबेदार शाह, इरफान हुसैन, अमन, अनुज आदि शामिल रहे। संयोजक ओसीएफ इंटर कॉलेज के प्रधानाचार्य ने आभार जताया।