गुरु पूर्णिमा पर शुक्रवार को नगर में साईं बाबा की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में साईं पालकी और देवी-देवताओं के स्वरूप, साईं के जीवन पर आधारित झांकियां आकर्षण का केंद्र रहीं। रास्ते में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा शोभायात्रा का स्वागत किया और स्वरूपों को जलपान कराया।
स्थापना दिवस के उपलक्ष में निकाली गई शोभायात्रा का शुभारंभ बाबा विश्वनाथ मंदिर से हुआ, जो सदर बाजार, बहादुरगंज, घंटाघर, चौक, चारखंभा, खोयामंडी, रोशनगंज, हनुमतधाम होते हुए मठिया आश्रम पहुंचकर समाप्त हुई। लगभग एक दर्जन रथों (बग्गियों) पर सजीं आकर्षक झांकियों ने शहरवासियों का मन मोह लिया। सबसे आगे हाथी-घोड़े भी चल रहे थे। उनके पीछे फूलों से सजी पालकी पर साईं बाबा की मूर्ति थी। पालकी को कंधा देने के लिए महिलाओं और पुरुषों में होड़ लगी रही। शनिवार को पूर्वाह्न 11 बजे भंडारा होगा और शाम को साईं बाबा के भजन होंगे। महंत रामशरण दास के नेतृत्व में निकाली गई शोभायात्रा में जगदीश जौहरी, डॉ. महेंद्र अग्रवाल, राम भरोसे राठौर, नवीन सक्सेना, हरीश गुप्ता, विकास अग्रवाल, विशन गोयल, रमेश खंडेलवाल, हरीश गुप्ता, मनोज खंडेलवाल, चंद्र मोहन, महेंद्र सक्सेना, राजेंद्र अग्रवाल, राजीव सक्सेना, श्रीकृष्ण सक्सेना आदि का सहयोग रहा।