आर्य महिला डिग्री कॉलेज में बांह पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते शिक्षक। स्रोत: स्वयं
शाहजहांपुर। आर्य महिला डिग्री कॉलेज में प्राचार्य और सेल्फ फाइनेंस के स्टाफ के बीच चल रही अंदरूनी अनबन अब खुलकर सामने आने लगी है। स्टाफ रूम में वॉयस रिकॉडिंग वाले कैमरे लगाने का विरोध करते हुए स्टाफ ने बांह पर काली पट्टी बांधकर सांकेतिक रूप से विरोध जताया। दूसरी ओर प्राचार्य ने नियमावली के तहत ही कैमरे लगवाए जाने की बात कही है।
कॉलेज में शुक्रवार को वॉयस रिकॉर्डिंग वाले एआई कैमरे लगाने का कार्य शुरू किया गया। शिक्षिकाओं का आरोप है कि स्टाॅफ रूम में रिकॉर्डिंग वाले कैमरे लगाए जाने से उनकी निजता का हनन होगा। इसे लेकर शिक्षिकाओं ने विरोध जताया। सेल्फ फाइनेंस के साथ कॉलेज के अन्य शिक्षक भी आ गए।
उन्होंने बांह पर काली पट्टी बांधकर गर्ल्स कॉमन रूम में विरोध जताया। शिक्षिकाओं का कहना है कि पूर्व में सामान्य कैमरे लगे हुए थे। उसके जरिये भी निगाह रखी जाती है। कैमरों के जरिये उनकी निजता का हनन हो रहा है। आरोप लगाया कि उनके अवकाशों को रोका जाता है। जरा-सी बात पर नोटिस दे दिया जाता है।
विरोध करने वालों में रानु दूबे, ऋतु शर्मा, डॉ. सारिका, डॉ. आशीष, डॉ. विजय, डॉ. श्वेता, डॉ. ज्योति, डॉ. निदा, उपासना, भावेश कुमार आदि शामिल रहे। दूसरी ओर प्राचार्य डॉ. रुपांशुमाला ने बताया कि कैमरे वर्ष 2010 से लगे हैं। प्रतियोगी परीक्षा होने पर डीएम की बैठक में कैमरे लगवाने व सही रखने के निर्देश दिए गए थे। नई नियमावली के तहत वॉयस रिकार्डिंग वाले कैमरे लगाए गए हैं। कॉलेज की गतिविधियों पर निगाह रखने के लिए कैमरे लगवा रहे हैं।