ओसीएफ रामलीला मैदान में पटाखा खरीदते हुए लोग। संवाद
शाहजहांपुर। पटाखों का बाजार में इस बार अलग रंग में रंगा हुआ है। बाजार में इस बार ऑपरेशन सिंदूर और क्रिकेटर रिंकू सिंह के नाम से बने पटाखों की धूम मची हुई है। इस वर्ष लोगों का रुझान पारंपरिक से हटकर ग्रीन पटाखों की ओर बढ़ गया है। ज्यादातर दुकानों पर केवल ग्रीन पटाखों की बिक्री की जा रही है और ग्राहक इन्हें बड़े उत्साह के साथ खरीद रहे हैं।
ओसीएफ मैदान पर दुकानदार गोविंद मिश्रा ने बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस बार कीमत में कोई खास अंतर नहीं हैं। दो-चार प्रमुख पटाखों में ही पांच से 10 प्रतिशत तक की बढ़ोतरी हुई है। अन्य सभी पटाखे पिछले वर्ष के मुकाबले सामान्य कीमत पर ही बिक रहे हैं। बाजार में पटाखा खरीदने के लिए लोग पहुंचने लगे हैं। बाजार में ग्रीन पटाखों की भरमार है। सबसे अधिक मांग ऑपरेशन सिंदूर नाम के पटाखे की है। शाट्स फायर पटाखे में एक के बाद एक 240 फायर होते हैं।
इसके अलावा 180 और 60 आवाज के भी आसमानी पटाखों की मांग है। इसकी कीमत साढ़े तीन से चार हजार रुपये तक है। भारतीय क्रिकेटर रिंकू सिंह के नाम पर बना पटाखा भी युवाओं के बीच खास आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। यह भी शाट्स फायर पटाखा है। इसकी कीमत 1500 रुपये है।
ओसीएफ रामलीला मैदान पर 112 दुकानदारों को अस्थायी लाइसेंस दिए गए हैं। विक्रेताओं से कहा गया कि है वे मानकों का पालन करें। सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।
- प्रवेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट