शाहजहांपुर। बाढ़ का पानी घुसने से खराब हुईं आठ ई-बसों की बैटरी के लिए बीमा कंपनी से क्लेम न मिलने से इनका संचालन नहीं हो पा रहा है। वर्तमान में 25 में 17 ई-बसों ही विभिन्न मार्गों पर चल रही हैं। ऐसे में यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
जुलाई में गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ने के बाद न्यू सिटी ककरा स्थित चार्जिंग स्टेशन के परिसर में पानी भर गया था। परिसर में खड़ीं ई-बसें में भी पानी में डूब गईं। इससे बैटरियां खराब हो गईं। इनमें से आठ ई-बसें अब तक ठीक नहीं हो सकीं हैं। इसकी वजह से पूर्व निर्धारित मार्गों पर ई-बसों की संख्या कम की गई है। ऐसे में फिलहाल 17 ई-बसों का संचालन ही विभिन्न मार्गों पर हो पा रहा है। इनमें जलालाबाद के लिए तीन, निगोही-बीसलपुर मार्ग पर तीन, पुवायां, बंडा व खुटार मार्ग पर 11 ई-बसें संचालित हैं।
सिटी बस ट्रांसपोर्ट के संचालक प्रबंधक संदीप लाहा ने बताया कि जलालाबाद मार्ग की दो, बीसलपुर मार्ग की तीन और पुवायां-खुटार की ओर जाने वाली तीन ई-बसों का संचालन नहीं हो पा रहा है। इनकी बैटरी को ठीक कराने के लिए अपने संसाधनों से प्रयास किए जा रहे हैं, लेकिन इनको बदलने के लिए अधिक खर्च आ रहा है। ऐसे में बीमा कंपनी से क्लेम लेने के लिए आवेदन किया गया है। अभी क्लेम उपलब्ध नहीं हो पा रहा है, इसलिए ई-बसों का संचालन शुरू हो पाने में समस्या आ रही है।