शाहजहांपुर। हेपेटाइटिस-बी और सी से ग्रस्त मरीजों के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज में ओपीडी खुलेगी, जिसमें मरीजों को मेडिसिन विभाग के असिस्टेंट प्रोफेसर डॉ. पंकज देखेंगे। दवा का स्टॉक भी लखनऊ से मंगवा लिया गया है।
हेपेटाइटिस- बी और सी के मरीजों के लिए अब तक मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। सीएमओ के स्तर से मिलने वाली दवाओं को उपलब्ध कराया जाता था। दवा खत्म होने पर मरीजों को भटकना पड़ता था, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। मेडिकल कॉलेज के त्वचा रोग विभाग के पास हेपेटाइटिस सेंटर खोला जाएगा। इसके लिए सारी तैयारियां पूरी हो गई हैं।
प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि आसपास के जिलों के मरीजों को भी जांच और दवा की सुविधा मिलेगी। एंटी वायरल दवा उन्हें अस्पताल से मिल सकेगी। जल्द ही ओपीडी का उद्घाटन कराया जाएगा।
पीलिया की दिक्कत होने पर जांच कराएं
-हेपेटाइटिस का रोग एचआईवी की तरह होता है। इसके वायरस खून में फैलते हैं। इसके चलते लिवर में सूजन और संक्रमण हो जाता है। हेपेटाइटिस-बी के लिए टीकाकरण होता है, लेकिन सी के लिए टीका भी उपलब्ध नहीं है। डॉक्टर बताते हैं कि हेपेटाइटिस बी का उपचार नहीं कराने पर लिवर कैंसर का खतरा भी रहता है। बार-बार पीलिया की दिक्कत होने पर जांच अवश्य कराएं।
-
ये हैं लक्षण
-थकान, मितली, भूख न लगना, पेट में दर्द, हल्का बुखार, त्वचा या आंखों का पीला होना, गहरे रंग का मूत्र आना, खून की उल्टी या मल में खून आना।
-
-हेपेटाइटिस सेंटर खोलने के लिए कक्ष का आवंटन कर दिया है। दवाएं भी स्टॉक में उपलब्ध हो हैं। जल्द ही ओपीडी का शुभारंभ कराया जाएगा।
डॉ. राजेश कुमार, प्राचार्य, राजकीय मेडिकल कॉलेज