शाहजहांपुर। हज कमेटी ऑफ इंडिया, मुंबई ने हज 2027 के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 20 जुलाई निर्धारित की है।
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी प्रसून राय ने बताया कि हज के लिए पासपोर्ट की वैधता 31 दिसंबर 2027 तक होनी चाहिए। नए जारी पासपोर्ट में उपनाम या अंतिम नाम का कॉलम खाली नहीं छोड़ा जाना चाहिए। आवासीय प्रमाण, बैंक खाते का विवरण, रद्द चेक या बैंक पासबुक की प्रति भी होनी चाहिए। अधिकतम पांच लोग एक साथ आवेदन कर सकते हैं, लेकिन सभी आवेदक एक ही श्रेणी के होने चाहिए, लेकिन जरूरी है कि स्वयं का मोबाइल नंबर अंकित हो।
विशेष श्रेणी और आवेदन प्रक्रिया
जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी ने बताया कि बिना मेहरम श्रेणी में 65 वर्ष या उससे अधिक आयु की महिलाएं आवेदन कर सकती हैं। 65 वर्ष की महिला के साथ 40 से 64 वर्ष का एक साथी आवश्यक होगा। सामान्य 65 वर्ष के आवेदकों के लिए भी 40 से 64 वर्ष के बीच का एक साथी जरूरी होगा। ऑनलाइन आवेदन के बाद फॉर्म का प्रिंटआउट डाउनलोड कर उत्तर प्रदेश राज्य हज समिति, लखनऊ को उपलब्ध कराना होगा। इच्छुक आवेदक जिला स्तर पर स्थापित हज सुविधा केंद्र, साइबर कैफे या सीधे वेबसाइट https://hajcommittee.up.gov.in के माध्यम से भी आवेदन कर सकते हैं।