मीरानपुर कटरा। खुदागंज मार्ग के किनारे मोहल्ला मुगलान के सरकारी तालाब को कुछ लोगो ने मिट्टी और रोड़ा से पाटकर वहां अवैध कब्जा कर लिया। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी शिवलाल राम ने नगर पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य मिर्जा नईम बेग समेत चार लोगों को नोटिस जारी किया है।
एसडीएम को शिकायत मिली थी कि मुगलान मोहल्ले के सरकारी तालाब को पाटकर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया है। मौके पर जांच करने पहुंचीं नायब तहसीलदार ने पाया कि तालाब के एक हिस्से को मिट्टी और ईंट का रोड़ा डालकर पाटा गया है। उनकी जांच रिपोर्ट के आधार पर एसडीएम ने अवैध कब्जेदारों को चिह्नित कर कार्रवाई के निर्देश दिए।
ईओ ने नगर पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य सहित मोहल्ले के मिर्जा खालिद बेग, नईम खां और शकील खां को नोटिस जारी किए। नोटिस में अवैध कब्जेदारों को तालाब में डाली गई मिट्टी और रोड़ा तत्काल हटाने का आदेश देते हुए कहा गया है कि ऐसा नहीं करने पर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर पंचायत के पूर्व वार्ड सदस्य मिर्जा नईम बेग का कहना है कि जमीन का उनके पास रजिस्टर्ड बैनामा और दाखिल खारिज है। इसलिए नगर पंचायत के नोटिस का जवाब देकर अपना पक्ष रखेंगे और सुनवाई नहीं होने पर न्यायालय में गुहार लगाएंगे।
000
सरकारी तालाब पर मिट्टी डालकर कब्जा करने की शिकायत पर राजस्व विभाग से जांच कराई है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कब्जेदारों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
-जीत सिंह राय, एसडीएम तिलहर