शाहजहांपुर। यातायात माह शुरू होने के बावजूद शहरवासियों को जाम से निजात नहीं मिल पा रही है। सोमवार को शहर के कई प्रमुख मार्गों पर लोग घंटों जाम से जूझते रहे। अंटा चौराहे से पुराने जिला अस्पताल तक करीब एक किलोमीटर लंबा जाम लगा रहा। वहीं लाल इमली चौराहा से टाउन हॉल में कांग्रेस कार्यालय तक वाहनों की कतारें लगी रहीं।
दोपहर करीब एक बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद अंटा चौराहे पर यातायात व्यवस्था चरमरा गई। दाना शाह मियां मजार वाली गली से लेकर पुराने जिला अस्पताल के आगे तक सड़क पर वाहनों की लंबी कतार लग गई। जाम में स्कूली बच्चों की वैन और ई-रिक्शा फंसने से बच्चों और अभिभावकों को परेशानी उठानी पड़ी।
इसी तरह दिन में करीब तीन बजे लाल इमली चौराहे से कांग्रेस कार्यालय तक भी जाम लग गया। भैंसों के गुजरने के कारण यातायात बाधित हो गया। जाम से बचने के लिए लोगों ने लिंक मार्गों का सहारा लिया, लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली।
स्कूलों के अवकाश के बाद वाहनों का दबाव बढ़ने से जाम की समस्या हो रही है। उसी समय भैंसें भी सड़कों पर आ जाती हैं। डेयरी संचालकों से वार्ता कर समस्या का समाधान निकाला जाएगा।
-रनवीर सिंह, सीओ यातायात
निगोही में हमजापुर से कैमुआ पुल तक लग रहा जाम
निगोही। हमजापुर चौराहे से कैमुआ पुल तक करीब एक किलोमीटर लंबे मार्ग पर दिन में कई बार लंबा जाम लग रहा है। इससे राहगीरों, स्कूली वाहन चालकों और खरीदारी के लिए आने वाले ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
भिंड-लिपुलेख राजमार्ग पर हमजापुर चौराहे के दोनों ओर फल विक्रेताओं के ठेले खड़े रहते हैं। पेट्रोल पंप के सामने कबाड़ और ट्रैक्टर एजेंसी की ओर से पटरी पर सामान रखने से भी मार्ग संकरा हो गया है। आदर्श इंटर कॉलेज चौराहे पर सब्जी, फल और चाट विक्रेताओं के ठेलों से स्थिति और खराब है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कुछ दुकानदारों ने अपनी दुकानों के सामने की जगह सब्जी और फल विक्रेताओं को किराये पर दे रखी है। इससे अतिक्रमण बढ़ता जा रहा है। सीओ सदर शुभम वर्मा ने बताया कि पुलिस टीम भेजकर पटरी खाली कराई जाएगी। संवाद
शाहजहांपुर में पुराने जिला अस्पताल के सामने लगा जाम। संवाद- फोटो : 1