क्षेत्र का प्राथमिक स्कूल चकवाजिदपुर बंद मिलने पर बीएसए ने यहां के इंचार्ज प्रधान अध्यापक को सेवा समाप्ति का नोटिस दे दिया। साथ ही एक सहायक अध्यापिका का एक दिन का वेतन भी काटने का निर्देश दे दिया है।
किसी व्यक्ति ने शनिवार को करीब साढ़े नौ बजे बीएसए राकेश कुमार को प्राथमिक स्कूल चकवाजिदपुर बंद होने की सूचना फोन पर दी। सूचना मिलने पर बीएसए ने यहां के इंचार्ज शिक्षक देवेंद्र पाल से उनके फोन पर संपर्क करना चाहा, लेकिन स्विच ऑफ होने के कारण बात नहीं हो सकी। इसके बाद इसी स्कूल की सहायक अध्यापिका ऋतु बंगा के फोन पर संपर्क साधने की कोशिश की गई, तो उनके फोन पर भी बात नहीं हुई। इस पर बीएसए ने क्षेत्र के एनपीआरसी को मौके पर भेजकर सत्यता का पता लगाने के निर्देश दिए। एमडीएम जिला समन्वयक निश्चय सिंह ने बताया कि एनपीआरसी को मौके पर स्कूल बंद मिला। उनकी सूचना पर विद्यालय बंद होने की पुष्टि होने के बाद बीएसए ने तत्काल दोनों शिक्षकों का एक दिन का वेतन काटते हुए इंचार्ज शिक्षक देवेंद्रपाल को सेवा समाप्ति का नोटिस भी जारी कर दिया है। बीएसए ने जनपदवासियों से अपील की है कि यदि उनके संज्ञान में किसी कार्य दिवस में कोई भी स्कूल बंद होने की जानकारी रहती है तो कार्यालय के हेल्पलाइन नंबर 05842-280266 पर सूचना दे सकता है। उन्होंने शिक्षकों को निर्देश दिए हैं कि वह नियमित रूप से समय से स्कूल खोलें और बच्चों को गुणवत्तापरक शिक्षा देने का दायित्व निभाएं। इसमें किसी प्रकार की शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।