खिरनी बाग जीआईसी ग्राउंड में शनिवार को बसपा कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय महासचिव नसीमुद्दीन सिद्दीकी ने सपा समेत सभी प्रतिपक्षी दलों पर जमकर हमला बोला। कहा कि सूबे में अराजकता का आलम यह है कि जो जितना बड़ा अपराधी, वह उतना बड़ा समाजवादी। सपा का यही नारा है कि खाली प्लाट, खाली मकान हमारा है। सूबे में गुंडों के पौ बारह हैं और त्रस्त जनता बदलाव के मूड में है। भाजपा के अच्छे दिन की हवाई घोषणा सभी देख रहे हैं और कांग्रेस की सरकार घोटालों वाली रही है। ऐसे में विकल्प बसपा ही है। उन्होंने शाहजहांपुर नगर विधानसभा सीट से अगले वर्ष होने वाले चुनाव के लिए पार्टी सुप्रीमों के निर्देश पर हाजी मो. असलम खां एडवोकेट को प्रत्याशी बनाए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि पार्टी ने जिसका टिकट घोषित कर दिया है, वे ही चुनाव लड़ेंगे। विरोधी पार्टी वाले प्रत्याशी बदले जाने का दुष्प्रचार कर रहे हैं। इसी क्रम में उन्होंने ददरौल से घोषित पार्टी प्रत्याशी मानवेंद्र सिंह से कहा कि अपने यहां हो रहे दुष्प्रचार पर ध्यान ना दें, टिकट नहीं कटेगा। दुष्प्रचार करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। इससे पहले सिख समाज की ओर परमजीत सिंह ने उन्हें कृपाण और सरोपा भेंट किया जबकि जिला पंचायत सदस्य राजेश कश्यप ने पगड़ी पहनाकर और शाल ओढ़ाकर सम्मानित किया। संजीव राठौर, डॉ. सुधीर गुप्ता, विकास चंद्रा और बसपा की युवा टीम ने 51-51 किलो के फूलों की माला भेंट की। सुन्नी ओलेमा कौंसिल के अध्यक्ष मौलाना फरियाद ने अपने संबोधन में कहा कि सपा के चार साल के मौजूदा कार्यकाल में मुसलमानों को सिर्फ दंगा मिला है और कुछ नहीं। सभा को जलालाबाद विधायक नीरज कुशवाहा मौर्या और तिलहर विधायक रोशनल लाल वर्मा के अलावा जोन कोआर्डिनेटर राममूर्ति लाल, दिनेश कुमार, मंडल कोआर्डिनेटर खेमकरन लाल, रामलड़ैता कनौजिया, जदुवीर गौतम, शकील खां और रामरतन पाल ने भी संबोधित किया। संचालन जोन कोआर्डिनेटर ब्रह्मस्वरूप सागर और जिला महासचिव महेश सागर ने किया। मंच पर पुवायां से घोषित प्रत्याशी गुरबचन लाल, जितेंद्र नाथ तिवारी, रामरक्ष पाल, फैजान अली खां, राजीव कश्यप, नरेंद्र गौतम, महेश चंद्र गौतम, उमेश चंद्र पाठक, बहादुर लाल आजाद, रामकुमार राठौर, सरदार राजू बग्गा आदि मौजूद थे।