पुवायां। लखीमपुर खीरी के थाना मोहम्मदी के गांव मजीदपुर के ओमप्रकाश हत्याकांड का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। बुधवार को एसपी ने पुवायां कोतवाली में घटना का खुलासा किया। आरोपी को जेल भेज दिया गया है। ओमप्रकाश की हत्या गांव के ही एक युवक ने परिवार की महिला से छेड़छाड़ करने पर की थी।
एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने बताया कि आठ नवंबर 2019 को पुवायां के गांव बिलसड़ी खुर्द के पास बोरे में एक शव पड़ा मिला था। कई दिन बाद उसकी शिनाख्त लखीमपुर में थाना मोहम्मदी के गांव मजीदपुर मड़ैया निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई। इसके बाद एसपी ने खुद भी मजीदपुर जाकर मामले की छानबीन की थी।
एसपी ने बताया कि ओमप्रकाश की हत्या में गांव मजीदपुर मड़ैया के अभिषेक को गिरफ्तार कर लिया गया है। अभिषेक ने ओमप्रकाश की हत्या करने की बात कबूल की है। अभिषेक ने बताया कि उसने ओमप्रकाश को परिवार की एक महिला से गलत हरकत करते देख लिया था। तभी से वह ओमप्रकाश की हत्या करने की फिराक में था। मौका मिलने पर सात नवंबर की रात उसने डंडा मारकर ओमप्रकाश को गिरा दिया और गले पर डंडा रखकर दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। फिर शव को बाइक पर बांधकर पुवायां क्षेत्र में लाकर फेंक दिया। पुलिस ने हत्या में प्रयुक्त डंडा, आरोपी की टी शर्ट और बाइक बरामद कर ली है। आरोपी को जेल भेज दिया गया है।