शाहजहांपुर। होली के दौरान सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट डालने वालों से सख्ती से निपटा जाएगा। डीएम इंद्र विक्रम सिंह ने बुधवार शाम विकास भवन सभागार मेें पीस कमेटी की बैठक में कानून एवं शांति व्यवस्था की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिया कि होली पर निकलने वाले लाट साहब के जुलूस में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखें और इस दौरान फेसबुक, वाट्सएप आदि पर भड़काने वाली बातें पोस्ट करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करें। बैठक के बाद डीएम और एसपी ने नागरिकों के साथ शहर में रूट मार्च किया।
बैठक में डीएम ने कहा कि ड्रोन कैमरों के माध्यम से छतों, सार्वजनिक स्थानों पर ईंट, पत्थर आदि देखें जाएंगे। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अराजकता फैलाने वालों पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करें ताकि अन्य शरारती तत्व ऐसा करने की हिम्मत नहीं जुटा सकें। एसपी डॉ. एस चन्नप्पा ने सभी क्षेत्राधिकारियों और एसओ को निर्देश दिया कि अपने-अपने क्षेत्र के गली-मोहल्लों में सुरक्षा को ध्यान को रखते हुए पैदल गश्त बढ़ाएं। इससे पूर्व, डीएम ने सातवीं आर्थिक जनगणना की समीक्षा करते हुए इस कार्य को लेकर फैली भ्रांतियां दूर करने पर बल दिया। उन्होंने कहा कि इस कार्य में लगे कर्मचारी परिचय पत्र साथ लेकर चलें और लोगों को बताएं कि इससे उनका कोई अहित नहीं होगा।
बाद में महानगर के विभिन्न मार्गों पर रूट मार्च करते हुए डीएम ने जन सामान्य की सीएए और एनआरसी को लेकर जिज्ञासाएं शांत कीं और नागरिकता संशोधन अधिनियम-2019 के बारे में जानकारी के लिए हिन्दी और उर्दू में छपे पंफलेट वितरित कराए। बैठक और रूट मार्च में सीडीओ महेंद्र सिंह तंवर, एडीएम प्रशासन रामसेवक द्विवेदी, एसपी सिटी दिनेश त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट विनीता सिंह, व्यापारी नेता सचिन बाथम, अमित शर्मा, महेंद्र चावला आदि शामिल रहे।
व्यापारियों ने बाजारों में मांगी विशेष सुरक्षा
उद्योग व्यापार मंडल मिश्रा गुट की बुधवार को कोषाध्यक्ष नीरज गुप्ता के आवास पर हुई बैठक में दिल्ली में फैली अराजकता को देखते हुए त्योहार पर बाजारों में विशेष सुरक्षा की मांग की। जिलाध्यक्ष कुलदीप सिंह दुआ ने कहा कि माहौल बिगाड़ने मेें व्यापारी वर्ग का कोई हाथ नहीं होता। इसके बावजूद सर्वाधिक नुकसान उन्हें ही उठाना पड़ता है। उन्होंने खुटार के व्यापारियों की शिकायत पर हटाए गए एसओ परौर थाने का चार्ज देने पर नाराजगी जताई। कहा कि जनहित में यह उचित निर्णय नहीं है और अधिकारियों को ऐसे मामलों में दंडात्मक कार्रवाई करनी चाहिए। नगर अध्यक्ष सुनील गुप्ता ने बाजारों मेें पुलिस की रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की। इस संबंध में एसपी से भेंट कर उन्हें ज्ञापन देने का निर्णय किया गया। बैठक में नाजिम खां, रोहित अग्रवाल, सुरेंद्र सिंह सेठी, मुकेश गुप्ता, जितेंद्र कुमार, सुल्तान खां, चंद्र प्रकाश गुलाटी, राजेंद्र पाल गोल्डी, शहबाज खां आदि मौजूद रहे।