थाना तिलहर क्षेत्र में रविवार को नेशनल हाईवे पर रोडवेज बस की चपेट में आकर वृद्ध की मौत हो गई। पुलिस ने बस के चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
तिलहर क्षेत्र के गांव रुद्रपुर निवासी 60 वर्षीय वीरसहाय सुबह करीब नौ बजे नेशनल हाईवे स्थित कौशल पेट्रोल पंप से सिंचाई के लिए डीजल लेने जा रहे थे, तभी बरेली की तरफ से आई एक तेज रफ्तार बस ने वीरसहाय के सामने से टक्कर मार दी। बस की चपेट में आकर वीरसहाय की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद चालक ने बस लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस ने बस को पकड़ लिया। पुलिस ने बस को कब्जे में लेकर चालक और परिचालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे की खबर सुनकर घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई और मृतक के घर में कोहराम मच गया। रामसहाय की पत्नी रामवती और दो बेटे व दो बेटियों का रो-रोककर बुरा हाल है। पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव मृतक के परिवार वालों को सौंप दिया है।