शाहजहांपुर। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने ईंधन की बचत के लिए नई पहल की है। संपूर्ण समाधान दिवस में अब अधिकारी अलग-अलग वाहनों से नहीं जाएंगे। सभी जिलास्तरीय अधिकारी कलक्ट्रेट से एक साथ ई-बस से संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने के लिए जाएंगे। ऐसा अलग-अलग वाहनों से जाने में होने वाले राजकीय संसाधनों के अपव्यय को रोकने के लिए किया गया है।
पूर्व में शनिवार को डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन तिलहर तहसील में होना था। अब यह आयोजन पुवायां तहसील में होगा। तिलहर में डीएम की अध्यक्षता में संपूर्ण समाधान दिवस 20 जून को होगा। डीएम धर्मेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि प्रधानमंत्री की अपेक्षानुसार वैश्विक संकट के दृष्टिगत डीजल-पेट्रोल की बचत करने, पर्यावरण संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विशेष पहल की जा रही है।
राजकीय संसाधनों का अपव्यय रोकने के लिए पुवायां में होने वाले संपूर्ण समाधान दिवस में शामिल होने वाले सभी जनपदस्तरीय अधिकारी अलग-अलग सरकारी वाहनों का प्रयोग न करते हुए एक ही वाहन का उपयोग करेंगे। सुबह नौ बजे सभी अधिकारी कलक्ट्रेट परिसर में एकत्र होंगे और यहां से ई-बस से पुवायां के लिए रवाना होंगे।