खुटार। नगर पंचायत क्षेत्र के घरों का गंदा पानी कई सालों से रसवांकलां क्षेत्र में खेतों में भर रहा है। जलभराव से कई किसानों की लगभग 12 एकड़ खेती डूबी रहती है। किसानों की शिकायत पर नायब तहसीलदार और ईओ ने मौके पर पहुंचकर जांच की है।
खुटार के रामाधार तिवारी सहित कई किसानों के रसवांकलां क्षेत्र में खेत हैं। देवस्थान मंदिर के पास से नगर के कई मोहल्लों के घरों का गंदा पानी पुलिया से होकर रसवांकलां में खेतों में भरता है। लगभग दस साल से किसान खेतों में कोई फसल नहीं कर पा रहे हैं। किसानों ने समाधान दिवस में शिकायत कर पानी निकासी के लिए नाला बनवाने की मांग की थी। बुधवार को नायब तहसीलदार जगतमोहन जोशी और ईओ कल्पना शर्मा नगर पंचायतकर्मियों के साथ माैके पर पहुंचे और जांच की। किसानों से वार्ता भी की गई। नायब तहसीलदार ने बताया कि नगर पंचायत की ओर से लगभग डेढ़ किलोमीटर नाली का प्रस्ताव भेजा दिया गया है। मंजूरी मिलते ही कार्य शुरू करा दिया जाएगा। संवाद