खुटार में डंपर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त बस। संवाद
- फोटो : 1
खुटार (शाहजहांपुर)। पीलीभीत से सिपाही भर्ती के अभ्यर्थियों को लेकर वापस लखीमपुर जा रही बस ओवरटेक करते समय डंपर से टकरा गई। हादसे के बाद तीन अन्य वाहन भी टकरा गए। हादसे में बस चालक सहित कई अभ्यर्थी घायल हुए हैं।
लखीमपुर के थाना नीमगांव के गांव अछनिया निवासी रामबिहारी प्राइवेट बस चलाते हैं। बुधवार को वह लखीमपुर से सिपाही भर्ती के लिए परीक्षा देने वाले 50 युवक-युवतियों को लेकर पीलीभीत गए थे। परीक्षा के बाद लौटते समय खुटार-पूरनपुर मार्ग पर लौहंगापुर जंगल में बस चालक ने आगे चल रहे गैस सिलिंडर भरे ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास किया। इस पर बस सामने से आ रहे डंपर से टकरा गई। डंपर बस को लगभग 20 मीटर तक घसीटता ले गया।
बस और डंपर में टक्कर होते ही डंपर के पीछे चल रहा ट्रक, गैस सिलिंडर भरे दूसरे ट्रक से टकरा गया। दोनों ट्रकों के बीच में पीलीभीत से सिपाही परीक्षा देकर लौट रहे गोला निवासी विपिन कुमार और अजय पाल की बुलेट बाइक भी फंस जाने से दोनों घायल हो गए। उधर बस चालक रामबिहारी, बस में बैठी फरधान के गांव कैमा की माधुरी वर्मा सहित कई परीक्षार्थी घायल हो गए।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और 108 सेवा की एंबुलेंस और यूपी-112 पुलिस के वाहन की मदद से घायलों को सीएचसी भिजवाया। कम घायल परीक्षार्थी निजी डॉक्टर के यहां मरहम पट्टी कराने के बाद दूसरे वाहनों से घर चले गए। बस चालक रामबिहारी को राजकीय मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
पुलिस ने आपस में टकराए चारों वाहन और बुलेट बाइक को थाने पर खड़ा करा लिया। हादसे के बाद दोनों ट्रकों और डंपर चालक मौके से भाग गए। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि हादसे में कुछ लोगों को मामूली चोटें आई है। चालक ज्यादा घायल है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
खुटार में डंपर से टकराने के बाद क्षतिग्रस्त बस। संवाद- फोटो : 1