मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्वच्छता कार्यक्रम का शनिवार को जिले में सरकारी स्तर पर जोरदार आगाज हो गया। डीएम कर्ण सिंह चौहान ने कलक्ट्रेट स्थित कक्ष और कोर्ट रूम की सफाई के लिए झाड़ू और ब्रश संभाला तो अन्य तमाम अधिकारियों, कर्मचारियों ने भी कलक्ट्रेट समेत विकास भवन के अन्य कार्यालयों में गंदगी मिटाने को कमर कस ली। दो घंटे तक चले श्रमदान के बाद अधिकांश विभागों के दफ्तर चमचमाते नजर आए।
सफाई अभियान की शुरुआत के लिए डीएम श्री चौहान सुबह सात बजे कलक्ट्रेट पहुंच गए। इसी के साथ सीडीओ टीके शिबु, एडीएम जितेंद्र कुमार शर्मा व सर्वेश कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट विजय शंकर दुबे, सीएमओ डॉ. कमल कुमार, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी देवेंद्र कुमार पांडेय, वरिष्ठ कोषाधिकारी विशंभर बाबू, सहायक सूचना निदेशक केएल चौधरी ने भी वहां जाकर सफाई की कमान संभाली।
डीएम ने अपने कक्ष और उससे अटैच बाथरूम समेत कोर्ट रूम में झाड़ू-ब्रश से सफाई करके मकड़ी के जाले हटाए। उनका अनुसरण करते हुए अन्य अधिकारियों ने भी कलक्ट्रेट और विकास भवन कैंपस की सफाई करने के बाद कार्यालयों का रुख किया। अधिकारियों के साथ कर्मचारियों ने बाथरूम, बैठने के स्थान, मेज, अलमारी आदि पर जमी धूल-धब्बे साफ किए। इससे पहले, डीएम ने सभ्भी को सफाई के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि यदि हम गंदगी करते हैं तो सफाई भी स्वयं करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि केवल स्वच्छता की शपथ लेने से काम नहीं चलेगा बल्कि सफाई अभियान को मूर्त रूप देना होगा।
इसी कड़ी में सहायक महाप्रबंधक स्टाम्प एवं रजिस्ट्रेशन रमेश चंद्र गौतम, मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीपी सिंह, नगरपालिका परिषद के ईओ मुनेंद्र सिंह राठौर, जिला सूचना विज्ञान अधिकारी राजेश कुमार, प्रभारी अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी दिनेश शर्मा आदि ने स्टाफ के साथ अपने कार्यालयों को चमकाया। उधर, राजकीय इंटर कालेज में प्रधानाचार्य रणवीर सिंह ने शिक्षकों और चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों के साथ कालेज परिसर में सफाई कराई।