जलालाबाद में आयोजित क्षेत्र पंचायत की बैठक में मौजूद बीडीसी व प्रधान। संवाद
जलालाबाद। ब्लाॅक सभागार में बुधवार को ब्लाॅक प्रमुख लता सिंह की अध्यक्षता में क्षेत्र पंचायत समिति की बैठक हुई। मुख्य अतिथि विधायक हरिप्रकाश वर्मा ने कई विभागों के अधिकारियों की अनुपस्थिति पर कड़ी नाराजगी जताई। बाद में उन्होंने विभिन्न गांवों से आए 25 दिव्यांगजनाें को ट्राई साइकिलें बांटीं।
बीडीओ रवि कुमार ने बैठक का एजेंडा सभी विभागों के प्रमुख अधिकारियों को भेजा था। इसके बावजूद नलकूप, स्वास्थ्य, विद्युत निगम, आंगनबाड़ी सहित अन्य कई विभागों के अधिकारी बैठक से नदारद रहे। विधायक ने इसे घोर लापरवाही बताते हुए नाराजगी जताई। साथ ही शासन स्तर से कार्रवाई कराने के लिए बीडीओ को अनुपस्थित अधिकारियों की सूची बनाकर देने के निर्देश दिए। एडीओ कृषि अजयवीर सिंह ने कृषि विभाग की विभिन्न योजनाएं बताईं। बैठक में मनरेगा के तहत होने वाले कार्यों, संचारी रोगों से बचाव, प्रधानमंत्री आवास योजना, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन आदि बिंदुओं पर विचार विमर्श हुआ।
विधायक ने कहा कि ग्राम प्रधान व बीडीसी सदस्य सरकारी योजनाओं के बारे में पूरी जानकारी रखें, ताकि पात्र लोगों को उनका लाभ दिला सकें। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए पंचायत सचिव से सर्वे कराया जाए। इसके बाद भी यदि कोई पात्र छूटता है तो पंचायत सचिव को जिम्मेदार माना जाएगा। ब्लाॅक प्रमुख ने कहा कि पात्रों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए ग्राम प्रधान व बीडीसी सदस्यों को अतिरिक्त प्रयास करने होंगे। बैठक में गोपाल द्विवेदी, जितेंद्र प्रताप सिंह, विनोद अग्निहोत्री, सुधीर गुप्ता, प्रदीप मिश्रा आदि प्रधान व बीडीसी सदस्य मौजूद रहे।