प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना और सुरक्षा बीमा योजना के तहत बैंक खाता धारकों की सामान्य और दुर्घटना में मृत्यु होने पर बीमा की धनराशि मिलेगी। बैंक खाताधारकों को इसके लिए 342 रुपये वार्षिक किस्त अदा करनी पड़ेगी। बैंक ऑफ बड़ौदा (बॉब) ने इसकी तैयारियां भी पूरी कर ली हैं।
शुक्रवार को बॉब के क्षेत्रीय प्रबंधक मुकेश शर्मा ने पत्रकारों को बताया कि प्रधानमंत्री के आग्रह पर वित्त मंत्रालय ने सभी बैंकों को खाताधारकों का दुर्घटना और जीवन बीमा करने का निर्देश दिया है। जीवन ज्योति योजना में दो लाख का साधारण बीमा होगा। इसके लिए खाताधारक को प्रतिवर्ष 330 रुपये देने होंगे। साथ ही सुरक्षा बीमा योजना में 12 रुपये प्रतिवर्ष देने होंगे। इसके तहत दो लाख का दुर्घटना बीमा भी मिलेगा। दोनों बीमा कराने वाले बैंक खाताधारकों को दुर्घटना में मृत्यु होने पर उनके परिवारों को चार लाख रुपये मिलेंगे। योजना प्रतिवर्ष एक जून से लेकर 31 मई तक प्रभावी रहेगी।
शर्मा ने कहा कि जिले में बॉब की 67 बैंक शाखाओं में करीब नौ लाख 97 हजार खाताधारक हैं। उप क्षेत्रीय प्रबंधक एके सिंह ने कहा कि अशिक्षित खाताधारकों के फार्म भरवाने के लिए प्रत्येक बैंक शाखा में एक अधिकारी को जिम्मेदारी सौंप दी गई है। बॉब के जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक बीएम गुप्ता ने कहा कि शनिवार से इस योजना के तहत फार्म भरवाने का काम शुरू हो जाएगा।