शाहजहांपुर। झांसी में हुए हादसे के बाद नवजातों की सुरक्षा को लेकर राजकीय मेडिकल कॉलेज में कवायद तेज हो गई है। नवजात शिशु केयर यूनिट को विस्तारित करते हुए पोषण पुनर्वास केंद्र को नए भवन में स्थित बाल रोग विभाग में हस्तांतरित किया जाएगा। प्राचार्य ने निरीक्षण कर दिशा-निर्देश दिए हैं। जल्द ही कार्यदायी संस्था कार्य शुरू करेगी।
राजकीय मेडिकल कॉलेज में 16 बेड की नवजात शिशु केयर यूनिट व दस बेड का पोषण पुनर्वास केंद्र एक साथ संचालित है। झांसी में हादसे के बाद बिजली के तार, बोर्ड, बिजली की फिटिंग को लेकर प्रशासन काफी ज्यादा सतर्क है। बुधवार को प्राचार्य डाॅ. राजेश कुमार ने चिकित्सा अधीक्षक डाॅ. एमपी गंगवार व सीएमएस डॉ. नेपाल सिंह के साथ निरीक्षण किया। उन्होंने पोषण पुनर्वास केंद्र को बाल रोग विभाग में शिफ्ट कराने के निर्देश दिए। इससे वहां अधिक गंभीर बच्चाें का अच्छे से देखभाल हो सकेगी। इसी तरह नवजात शिशु केयर यूनिट को विस्तारित करने के लिए कहा है। उन्होंने बताया कि यहां पर दस बेड और बढ़ाए जाएंगे। इसके जरिये मां को बच्चे के साथ रखा जा सकेगा।