शाहजहांपुर। दशहरे के बाद परिवहन निगम ने दीपावली और प्रारंभिक अर्हता परीक्षा (पीईटी) को लेकर तैयारियां शुरू कर दी हैं। दीपावली पर यात्रियों की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अधिक आय वाले मार्गों को चिह्नित किया जा रहा है। इन मार्गों पर बसों की संख्या बढ़ाई जाएगी। इसके लिए रूटवार योजना तैयार की जा रही है।
वहीं, 25 अक्तूबर को होने वाली पीईटी परीक्षा को लेकर भी परिवहन निगम अतिरिक्त बसें लगाएगा। परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने और परीक्षा के बाद घर लौटने वाले अभ्यर्थियों को बसों की कमी का सामना न करना पड़े, इसके लिए जरूरत के अनुसार बसों की व्यवस्था की जाएगी।
एआरएम अरुण कुमार ने बताया कि दीपावली पर यात्रियों की संख्या बढ़ने के कारण अधिक यात्री मिलने वाले मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। पीईटी परीक्षा के दौरान भी जिन मार्गों पर अधिक बसों की जरूरत होगी, वहां अतिरिक्त बसें उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके लिए मांग के अनुसार व्यवस्था की जाएगी।