शाहजहांपुर। दीपावली पर घर आए लोगों की वापसी का सिलसिला जारी है। त्योहार के बाद नौकरी और कामकाज पर लौटने वालों के चलते रोडवेज बसों और ट्रेनों में यात्रियों की भीड़ बढ़ गई है। ऐसे में रोडवेज ने दिल्ली और हरिद्वार मार्ग पर बसों की संख्या बढ़ाई है।
हरिद्वार और दिल्ली मार्ग पर यात्रियों की अधिक संख्या को देखते हुए परिवहन निगम ने बसों का संचालन बढ़ाया है। हरिद्वार रूट पर पहले जहां केवल एक बस चलती थी, वहीं अब पांच अतिरिक्त बसें लगाई गई हैं। दिल्ली मार्ग पर भी करीब 80 बसों का संचालन किया जा रहा है।
एआरएम अरुण कुमार के अनुसार, यात्रियों की सुविधा को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर बसों की उपलब्धता बढ़ाई गई है, जिससे लोगों को गंतव्य तक पहुंचने में परेशानी न हो।
दूसरी ओर ट्रेनों में सीट पाने के लिए यात्रियों को काफी मशक्कत करनी पड़ रही है। दोपहर में राज्यरानी और त्रिवेणी एक्सप्रेस में चढ़ने के दौरान सीट घेरने को लेकर यात्रियों के बीच धक्का-मुक्की की स्थिति बनी। जनरल कोच में पहले से ही भीड़ होने के कारण यात्रियों को खड़े होकर सफर करना पड़ा।
कई यात्री लगेज और दिव्यांग कोच में भी सवार हुए। इससे इन कोचों के लिए निर्धारित यात्रियों को परेशानी हुई। त्योहार के बाद वापसी की भीड़ के चलते स्टेशन पर भी यात्रियों की आवाजाही बनी रही। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि भीड़ को देखते हुए रेलवे के अधिकारी-कर्मचारी पूरी तरह से सतर्क हैं। बराबर निगरानी की जा रही है।
-
कोहरे के कारण ट्रेनों की रफ्तार धीमी, कई घंटे देरी से पहुंचीं
शाहजहांपुर। सर्दी की दस्तक के साथ ही कोहरे के कारण ट्रेनों के विलंब से चलने का सिलसिला शुरू हो गया है। स्पेशल ट्रेनों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। ट्रेनों के घंटों देरी से पहुंचने के कारण यात्रियों को स्टेशन पर इंतजार करना पड़ रहा है।
डाउन लाइन की बाघ एक्सप्रेस सुबह 2:55 बजे के निर्धारित समय के बजाय 3:20 बजे पहुंची। गंगा सतलुज एक्सप्रेस 6:47 बजे के स्थान पर 7:58 बजे आई। अवध-असम एक्सप्रेस भी दोपहर 1:28 बजे के बजाय 4:53 बजे पहुंची। वहीं लुधियाना एक्सप्रेस करीब दस घंटे की देरी से आई। ट्रेनों के लगातार विलंब से चलने के कारण यात्रियों को अपनी यात्रा के लिए अतिरिक्त समय निकालना पड़ रहा है। खासकर लंबी दूरी की यात्रा करने वाले यात्रियों को अधिक परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सीएमआई एसके ठाकुर ने बताया कि ट्रेनें पीछे से ही विलंब से आ रही हैं। संवाद