जलालाबाद में कोलाघाट पुल का निरीक्षण करते लोक निर्माण मंत्री जितिन प्रसाद । संवाद
- फोटो : SHAHJAHANPUR
शाहजहांपुर। जलालाबाद के कोलाघाट पर बना पैंटून पुल अभी नहीं हटाया जाएगा। आम जनता की आवागमन संबंधित दिक्कत के मद्देनजर लोक निर्माण विभाग के मंत्री जितिन प्रसाद ने अधिकारियों को बरसात से पूर्व पुल न हटाने के लिए निर्देशित किया है। जितिन ने बृहस्पतिवार को निगोही में कैमुआ नदी पर बन रहे पुल का निरीक्षण किया और समयसीमा में निर्माण करने के निर्देश अधिकारियों को दिए।
जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह और भाजपा नेता आलोक सिंह ने लोक निर्माण विभाग मंत्री जितिन प्रसाद को पत्र देकर बताया था कि 15 जून के बाद से जलालाबाद में रामगंगा नदी पर बने कोलाघाट पैंटून पुल को बंद किया जा रहा है। इससे आसपास के लाखों लोगों को आवागमन में मुसीबत का सामना करना पड़ेगा। जितिन प्रसाद ने अधिकारियों को अस्थायी पैंटून पुल को बरसात शुरू होने तक सुचारू रूप से जनता के आवागमन के लिए बनाए रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि क्षतिग्रस्त पुल का कार्य भी तेजी से चल रहा है।
उन्होंने कोलाघाट पुल को तय समय सीमा में शुरू करने के लिए चल रहे कार्य की भी अधिकारियों से समीक्षा की। इसके अलावा बृहस्पतिवार को जितिन प्रसाद ने तिलहर विधानसभा क्षेत्र के कैमुआ नदी पर बन रहे नए पुल का भी निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि पुल के बनने से पीलीभीत, बरेली, उत्तराखंड की ओर जाने वाले लोगों को सुगम आवागमन की सुविधा प्राप्त हो सकेगी और लोगों को पुराने पुल पर जाम से निजात मिल सकेगी। उन्होंने अधिकारियों को तेजी से गुणवत्तापूर्ण कार्य कराने के लिए निर्देशित किया।
जनता को मिले सुलभ न्याय
अपने आवास में जितिन प्रसाद ने लोगों की समस्याएं सुनी और अधिकारियों को निस्तारण के लिए निर्देशित किया। उन्होंने कहा कि जनता की समस्याएं जिस स्तर की हैं, उसी स्तर पर तय समय सीमा में शासन की मंशानुरूप निस्तारित हो जानी चाहिए। जनता को न्याय सुलभ तरीके से प्राप्त हो। इस दौरान जितिन के साथ भाजपा जिलाध्यक्ष केसी मिश्रा, विधायक मानवेंद्र सिंह, मीडिया प्रभारी विनीत मिश्र, भाजपा नेता कौशल मिश्रा, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह, अनिल तिवारी, विश्वदीप अवस्थी, आलोक प्रताप सिंह, मनिल वाजपेयी, राजीव सिंह, प्रशांत कठेरिया आदि लोग मौजूद रहे।