भारतीय जीवन बीमा निगम के विभिन्न कार्यालयों में अस्थायी सेवाएं दे चुके कर्मचारियों ने स्थायी नौकरी पाने के लिए मंडल कार्यालय पर धरना-प्रदर्शन करके संघर्ष शुरू करने की ठानी है। एलआईसी अस्थायी कर्मचारी यूनियन की रविवार को पुवायां में हरेराम तालाब परिसर में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया।
बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुकेश राठौर ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट के इस संबंध में दिशा निर्देश जारी करने के बावजूद एलआईसी केंद्रीय कार्यालय के अधिकारी उदासीन हैं। उन्होंने इसके विरोध में अगले सप्ताह एलआईसी के बरेली मंडल कार्यालय पर धरना प्रदर्शन करने और उच्चाधिकारियों के विरुद्ध न्यायिक अवमानना का वाद दायर करने संबंधी प्रस्ताव रखे जो सर्वसम्मति से पारित हो गए। इस मौके पर अधिवक्ता रामप्रकाश यादव को यूनियन का विधि सलाहकार नियुक्त किया गया। बैठक में विवेक मिश्र, राजीव कुमार, विनोद राठौर, मनोज मिश्र, धर्मेंद्र कुमार, गोपाल वाजपेयी, संजय अवस्थी, रामलड़ैते श्रीवास, मुनीश गुप्ता आदि शामिल रहे।