शाहजहांपुर। कोरोना काल में सैनिटाइजर की मांग काफी बढ़ गई है। वायरस से खुद को सुरक्षित रखने के लिए लोगों से हाथों को बार-बार सैनिटाइज करने की अपील की जा रही है। सस्ता सैनिटाइजर उपलब्ध कराने के लिए डाक विभाग ने तैयारी कर ली है। कोई भी व्यक्ति डाकघरों से सैनिटाइजर निर्धारित शुल्क देकर प्राप्त कर सकते हैं।
कोरोना को हराने को लेकर डाक विभाग ने एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया है। डाक विभाग ने अब डाकघरों में हैंड सैनिटाइजर की बिक्री करने का निर्णय लिया है। इसके लिए डाक विभाग ने मेघदूत ग्रामोद्योग सेवा संस्थान से करार किया है। प्रधान डाकघर में सैनिटाइजर की बिक्री शुरू भी हो गई है। इसकी बिक्री करने के लिए प्रधान डाकघर में अलग से काउंटर लगाया गया है। काउंटर से कोई भी व्यक्ति उचित कीमत देकर सैनिटाइजर खरीद सकता है। कोरोना से बचाव में विशेषज्ञ सैनिटाइजर की अहम भूमिका बता रहे हैं। ऐसे में आमजन को अच्छा और सस्ता सैनिटाइजर उपलब्ध हो के लिए डाक विभाग आगे आया है।
पूरी तरह से आयुर्वेदिक है सैनिटाइजर
सावन मास में शिवपूजन के लिए गंगोत्री का पवित्र जल प्रधान डाकघर में बिक रहा है। साथ ही कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए सैनिटाइजर भी खरीदा जा सकता है। डाकघर में मेघदूत ग्रामोद्योग कंपनी के विभिन्न रेंजों में हैंड सैनिटाइजर उपलब्ध हो गए हैं, जो ग्राहकों को निर्धारित दरों पर उपलब्ध होंगे। ये सभी सैनिटाइजर पूरी तरह आयुर्वेदिक हैं।
यह हैं निर्धारित दरें
60 एमएल : 30 रुपये
100 एमएल : 50 रुपये
210 एमएल : 105 रुपये
500 एमएल : 250 रुपये
डाकघर में कोरोना से बचाव के लिए सैनिटाइजर की बिक्री की जा रही है। इसके लिए डाकघर में अलग से काउंटर स्थापित करा दिया गया है। सैनिटाइजर 60, 100, 210 और 500 एमएल में उपलब्ध है। - विनोद कुमार मिश्रा, जनसंपर्क अधिकारी, प्रधान डाकघर