शाहजहांपुर। नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार मिश्र ने सोमवार को महानगर में सफाई व्यवस्था में सुधार लाने के लिए बैठक की। उन्होंने कहा कि नगर से डेयरियों को शिफ्ट करने के लिए डेयरी संचालकों को नोटिस जारी किए जाएं। अगर कोई व्यक्ति सड़क या अन्य स्थलों पर कूड़ा डालता है तो उससे जुर्माना वसूला जाए।
नगर आयुक्त ने कहा कि महानगर क्षेत्र से निकलने वाले कांवड़ियों की सुविधा के लिए समस्त प्रमुख मार्गों पर विशेष साफ-सफाई का कार्य कराया जाए। प्रत्येक वार्ड में खाली पड़े प्लाॅटों को चिह्नित करते हुए विशेष अभियान चलाकर सफाई कराई जाए।
प्लाॅटों में सफाई रखने के लिए मालिकों को नोटिस जारी किए जाएं। महानगर क्षेत्र में स्थित डंपिंग ग्राउंड से नियमित कूड़ा उठान के लिए संबंधित की जिम्मेदारी तय की जाए। इस दौरान सफाई, खाद्य निरीक्षकों व सफाई नायकों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने वार्ड में पालतू कुत्तों के मालिकों से समन्वय स्थापित करते हुए नगर निगम में रजिस्ट्रेशन कराकर लाइसेंस बनवाने की कार्रवाई करें।
इस दौरान नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मनोज मिश्रा, मुख्य सफाई एवं खाद्य निरीक्षक हरिवंश दीक्षित, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक, सफाई नायक, सहायक सफाई नायक आदि मौजूद रहे।