शाहजहांपुर। जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) उमेश प्रताप सिंह ने सोमवार को कलक्ट्रेट में लोकसभा चुनाव की तैयारियों का जायजा लिया। उन्होंने नामांकन कक्ष देखे। कलक्ट्रेट परिसर के अंदर और बाहर की गई बैरिकेडिंग और सुरक्षा सहित अन्य व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के निर्देश अफसरों को दिए।
जिले में चुनाव चौथे चरण में है। इसके लिए 18 से 25 अप्रैल तक नामांकन दाखिल होंगे। 18 अप्रैल को निर्वाचन के लिए अधिसूचना जारी होगी। 26 अप्रैल को नामांकन पत्रों की जांच होगी। नाम वापसी की अंतिम तिथि 29 अप्रैल है। मतदान 13 मई को और मतगणना चार जून को होगी।
डीईओ ने बताया कि उम्मीदवार चार प्रस्तावक के साथ नामांकन कक्ष में प्रवेश कर सकेंगे। उम्मीदवारों के नामांकन के लिए तीन वाहनों की अनुमति है, जो नामांकन कक्ष के 100 मीटर की परिधि के बाहर रहेंगे। उम्मीदवार कलक्ट्रेट के कार्यालय के गेट नंबर दो से प्रवेश करेंगे। लोकसभा सामान्य निर्वाचन के नामांकन जिला मजिस्ट्रेट न्यायालय में कक्ष संख्या 10 और ददरौल विधानसभा क्षेत्र के नामांकन कक्ष संख्या 11 में होंगे। इस दौरान एसपी अशोक कुमार मीणा, एडीएम प्रशासन संजय कुमार पांडेय, नगर आयुक्त डॉ. बिपिन कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट प्रवेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।