निगोही में रेलवे स्टेशन पर सड़क के गड्ढे से गुजरता ई-रिक्शा। संवाद
- फोटो : सांकेतिक
निगोही। कस्बे से स्टेशन जाने वाला मुख्य मार्ग गहरे गड्ढों में तब्दील हो गया है। मार्ग के निर्माण के लिए निविदा प्रक्रिया पूरी होने के बाद भी मरम्मत का कार्य प्रारंभ नहीं हो सका है।
कस्बे से स्टेशन तक करीब एक किमी लंबा मार्ग खराब होने से उस पर ई-रिक्शा भी नहीं चल पाते हैं और लोगों को पैदल ही स्टेशन जाना पड़ता है। कई बार मार्ग पर बने गहरे गड्ढों में बाइकें फंसने से राहगीर घायल हो जाते हैं। इसी मार्ग पर ऐतिहासिक बारह राणा स्थल भी है। वहां श्रद्धालु आते रहते हैं।
उदारा, उदरिया, कटैया उस्मानपुर, पलिया, कबीरपुर झोतूपुर आदि गांवों से कस्बे में खरीदारी करने के लिए लोग इसी मार्ग से आते-जाते हैं। नगर पंचायत के अध्यक्ष मनोज वर्मा ने बताया कि करीब दो माह से अधिशासी अभियंता का पद रिक्त होने के कारण बजट होने के बाद भी विकास के कई कार्य नहीं हो पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन से ईओ की तैनाती की मांग की गई है।