पटरी दुकानदारों को मिलेगा नया ठिकाना
शाहजहांपुर। शहर में जगह-जगह फुटपाथ या फिर सड़क पर ठेले, खोमचे और दुकानें सजाकर रोजी-रोटी का जुगाड़ करने वाले दुकानदारों को अब रोेज-रोज की जिल्लत से छुटकारा मिलने जा रहा है। नई व्यवस्था लागू होने से जहां आम लोगों को बाजार में जाम से नहीं जूझना होगा, वहीं दुकानदार सुकून से अपना रोजगार चला सकेंगे। केंद्र सरकार की योजना है कि शहर में स्थान चिह्नित कर छोटे दुकानदारों को व्यवस्थित किया जाए। इसके लिए नगर पालिका परिषद में मंगलवार को एक बैठक हुई, जिसमें योजना की जानकारी देकर लोगों से सुझाव आमंत्रित किए गए।
योजना के तहत छोटे दुकानदारों, फलवालों, फेरीवालों आदि के लिए स्थान तय कर उन्हें व्यवस्थित किया जाएगा और दुकानदारों को बिजली, पानी, सफाई आदि सुविधाएं मुहैया कराई जाएंगी। इसके लिए टाउन वेंडिंग कमेटी का गठन किया गया है। कमेटी में नगर पालिका ईओ एसके सिंह अध्यक्ष, कर निर्धारण अधिकारी राकेश कुमार श्रीवास्तव और कर अधीक्षक कुलदीप अवस्थी को सचिव नियुक्त किया गया है। इनके अलावा कमेटी में 15 सदस्य भी नामित किए गए है।
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के उपघटक शहरी पथ विक्रेताओं की सहायता के तहत जनपद में इस महत्वपूर्ण कार्य की जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था बायोटेक वेस्ट मैनेजमेंट प्राइवेट लिमिटेड के निदेशक वीके शर्मा को दी गई है। योजना के तहत शहर में वेंडिंग जोन बनाए जाएंगे। चयनित संस्था ने सर्वे के आधार पर लगभग तीन हजार दुकानदारों को चिह्नित भी कर लिया है। इस संबंध में नगर पालिका परिषद में मंगलवार को पहली बैठक हुई, जिसमें प्रमुख रूप से उद्योगपति अशोक अग्रवाल, विनोद अग्रवाल, अग्निशमन अधिकारी यदुनाथ सिंह, सहायक अभियंता अजय कुमार, सौरभ भारद्वाज, विनय सिंह, मो. इस्लाम आदि मौजूद रहे।