शाहजहांपुर। शारदीय नवरात्र परायण की ओर बढ़ चले हैं। रविवार को मां दुर्गा के भक्तों ने महाअष्टमी पर माता महागौरीे का आवाहन कर उनकी विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। मंदिरों में और कई परिवारों में हवन पूजन भी किया गया। वहीं, देवी मंडपों में पुरोहितों ने महाअष्टमी का पूजन कर पुष्पांजलि अर्पित की और संधि पूजा के बाद संध्या आरती कर प्रसाद बांटा। मंडपों में महिलाओं, बच्चों और युवाओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
रोजा स्थित रिलायंस टाउनशिप में सजे मां भगवती के मंडप में पश्चिम बंगाल के पुरोहितों ने सुबह महाअष्टमी का पूजन किया। इससे पूर्व शनिवार देर रात कैबिनेट मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने माता के दरबार में हाजिरी लगाई। शाम को आंचल लेडीज क्लब और खुशी किड्स क्लब की ओर से रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। इसमें बच्चों, महिलाओं और युवाओं ने- ओ माई फ्रैंड्स गणेशा, तांडव नृत्य, फैंसी ड्रेस, नृत्य एवं लघुनाटिकाएं प्रस्तुत कर खूब तालियां बटोरीं।
कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण राष्ट्रीय कथक संस्थान के कलाकारों द्वारा कथक नृत्य रहा, जिसमें विभिन्न पुरस्कारों से सम्मानित गुरु माता प्रसाद मिश्रा के समूह के कलाकार एवं नृतकों ने भाग लिया। इस अवसर पर रिलायंस परियोजना के अधिकारी और कर्मचारी परिवार समेत मौजूद रहे।
इधर, ओसीएफ मंदिर में महाप्रबंधक सुदीप के बैनर्जी, दीपशिखा महिला कल्याण समिति की अध्यक्ष जूही बैनर्जी, अपर महाप्रबंधक एचएस भाटिया और ओपी कमल, क्षितिज दीक्षित आदि ने मां भगवती का पूजन कर आशीर्वाद लिया। राजेश कंचन, आनंद पांडेय नंदू, गोविंद कृष्ण वाजपेयी आदि मौजूद रहे। कालीबाड़ी मंदिर में बंगाली समुदाय ने सुबह महाअष्टमी का पूजन किया। शाम को बच्चों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसी तरह लाला रामचरन लाल धर्मशाला में अशोक गुप्ता, नीरज वाजपेयी आदि ने महाअष्टमी का पूजन कर प्रसाद वितरित किया। शाम को बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
इधर, घरों और मंदिरों में भी महाअष्टमी पर मां दुर्गा के नवम स्वरूप माता महागौरी का आवाहन कर उनका पूजन कर आशीर्वाद लिया और मनौती मांगी। कई परिवारों में परंपरानुरूप अष्टमी को हवन भी किया गया। मंदिरों में सुबह-शाम भक्तों की भारी भीड़ रही।