शाहजहांपुर। एसओजी ने बिहार और थाना सदर बाजार पुलिस के सहयोग से सोमवार की रात क्षेत्र के अशफाकनगर तिराहे के पास निगोही रोड से नकबजनी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से पुलिस ने करीब 16 किलो चांदी और 22 ग्राम सोने के आभूषण के अलावा तीन लाख रुपये से अधिक की नकदी बरामद की है। आरोपियों ने कुछ दिन पहले बिहार के जिला शेखपुरा के थाना मेहुआ क्षेत्र में एक सराफा की दुकान से लाखों रुपये की चोरी की थी।
बिहार के जिला शेखपुरा क्षेत्र थाना मेहुआ निवासी सराफा व्यापारी विश्वजीत के प्रतिष्ठान से 12 दिसंबर की रात तिजोरी काटकर करीब 17 किलो चांदी और 25 तोला के सोने के आभूषण चोरी किए थे। चोर तिजोरी में रखे आधार कार्ड, पैन कार्ड, पर्स और ड्राइविंग लाइसेंस भी ले गए थे। घटना के बाद मेहुआ की पुलिस की जांच में सामने आया कि आरोपी शाहजहांपुर के रहने वाले हैं। इसके बाद बिहार पुलिस ने शाहजहांपुर पुलिस से संपर्क किया।
बिहार पुलिस ने एसओजी और थाना सदर बाजार पुलिस के सहयोग से सोमवार की रात क्षेत्र के अशफाकनगर तिराहे के पास निगोही रोड पर चोरी करने के पांचों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके पास से पुलिस ने चोरी की 16 किलो चांदी, करीब 22 सोने के आभूषण बरामद किए। इसके अलावा चोरी का कुछ माल सासाराम जिले के एक सराफा व्यापारी को बेच दिया था।
वहां से मिले करीब साढ़े तीन लाख रुपये भी पुलिस ने बरामद किए हैं। पुलिस पांचों आरोपियों को थाने लेकर आई। पांचों आरोपी थाना निगोही क्षेत्र के गांव ईसानगर के रहने वाले सत्यपाल, शोभाराम, धनीराम, गयादीन ओर ओमपाल हैं। शाहजहांपुुर पुलिस आरोपियों को कोर्ट में पेश करने के बाद बिहार पुलिस उनका ट्रैवल वारंट लेकर उन्हें बिहार ले गई।
बिहार में तंबू लगाकर बेचते थे सामान
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि करीब एक महीने पहले उन्होंने बिहार के लक्की सराय स्टेशन के पास तंबू लगाकर सामान बेचने का काम किया था। वह आसपास क्षेत्र के सराफा दुकानों की रेकी करते थे। इसके बाद पांचों लोगों ने दुकान के पीछे की साइड से नकब लगाकर तिजोरी में रखे आभूषण चोरी की, फिर शाहजहांपुर के लिए चल दिए।
अक्सर एक व्यक्ति आता था मीट की दुकान पर
पीड़ित सराफा व्यापारी ने यहां की एसओजी टीम को बताया कि उसकी दुकान के सामने एक मीट की दुकान है। उस पर अक्सर एक व्यक्ति आता था। कई बार वह उसकी दुकान पर भी आया। पीड़ित ने उससे बातचीत भी की थी। गैंग के एक सदस्य ने खुद को उत्तर प्रदेश का बताया था।
एसओजी, थाना सदर बाजार और बिहार पुलिस ने नकबजनी गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने बिहार में चोरी की थी। सूचना पर उनको गिरफ्तार कर उनके पास चोरी किए सोने-चांदी के आभूषण और नकदी बरामद किए हैं। आरोपियों से पूछताछ की जा रही है।
एस. आनंद, एसपी शाहजहांपुर।