मतदाता सूचियों से बड़े पैमाने पर काटे गए नामों से खिन्न सांसद कृष्णा राज ने मंगलवार को डीएम से मिलकर खासी नाराजगी जताई। सांसद ने कहा कि मतदाता सूचियों से साजिश के तहत हजारों नाम काटे गए हैं। इसलिए इसकी जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए और काटे गए नाम पुन: वोटर लिस्ट में शामिल किए जाएं। सांसद ने बताया कि डीएम शुभ्रा सक्सेना ने उन्हें आश्वासन दिया है कि मामला काफी गंभीर है, पहले भी उन्हें इस प्रकार की शिकायतें प्राप्त हुई हैं, इसलिए वह मामले की जांच अवश्य कराएंगी और वास्तविक नामों को मतदाता सूची में पुन: शामिल कराया जाएगा।
इससे पहले सांसद कृष्णा राज ने अपने रोशनगंज स्थित आवास पर जनसमस्याएं सुनीं। उन्होंने शिकायतों से संबंधित विभागीय अधिकारियों से फोन पर बात कर समस्याओं का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। उनके मीडिया प्रभारी राम बरन सिंह ने बताया कि सांसद ने जनसमस्याएं सुनने के बाद खुदागंज क्षेत्र का भ्रमण भी किया। इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजनांतर्गत तैयार हो रहे 18 किलोमीटर मार्ग का निरीक्षण किया। बताया: मार्ग करीब 12 किलोमीटर पूरा हो चुका है। सांसद ने अधिशासी अभियंता नरेश चंद्रा को शेष कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
सांसद ने कार्यकर्ताओं का आह्वान किया कि वह धैर्य से काम लेें और अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर नजर रखें। सांसद ने अधिकारियों से आग्रह किया कि वह किसी भी फरियादी को अनावश्यक परेशान नहीं करें और उसकी समस्या सुनकर शीघ्र उसका निदान कराने का प्रयास करें। सांसद बुधवार को भी सुबह 10 से अपरान्ह दो बजे तक अपने आवास पर समस्याएं सुनेंगी।