शाहजहांपुर। मिर्जापुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत उदयपुर-भूड़ा के मजरा नौसारा की रहने वाली रामादेवी की सोमवार सुबह करीब नौ बजे संदिग्ध परिस्थिति में मौत हो गई। रामादेवी के बेटा और बेटी का आरोप है कि उसके पिता सुरेंद्र ने मां की गला दबाकर हत्या कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
रामादेवी के बेटे सर्वेंद्र (18) और बेटी रेखा (15) ने रोते हुए बताया कि सोमवार सुबह करीब नौ बजे उसकी मां रामादेवी (38) घर से लगभग 100 मीटर दूर बग्गर में बने शौचालय की ओर गईं थीं। काफी देर तक जब मां वापस नहीं लौटीं तो वे लोग देखने गए। वहां पर मां मृत अवस्था में पड़ी हुई थी और पिता सुरेंद्र उनके मुंह पर पानी की छींटें डाल रहे थे।
सर्वेंद्र के मुताबिक हमें देखते ही पिता पीछे की दीवार फांदकर भाग गए। बेटा-बेटी ने बताया कि उसके पिता आए दिन शराब पीकर मां के साथ मारपीट करते थे। रक्षाबंधन पर भी पिता ने मां को बेरहमी से पीटा था। उसके पिता ने ही मां की रस्सी से गला घोंटकर हत्या की है। रामादेवी के तीन बेटे और एक बेटी है। बेटा महेंद्र (13) और प्रमोद (10) सहित सभी का रो-रोकर बुरा हाल है।
रामादेवी का मायका फर्रुखाबाद के कमालगंज थानांतर्गत ग्राम अकबरपुर तेरा में है। उसके माता-पिता की मृत्यु हो चुकी है। बड़े भाई रामसिंह और दुर्विजय हैं। राम सिंह की इकलौती बेटी सुखदेवी की शादी ग्राम नौसारा में ही रामादेवी के देवर दिनेश से हुई थी। राम सिंह अधिकांश समय अपनी बेटी के घर ही रहता है। रामसिंह ने बताया कि अपने बहनोई के बुरे व्यवहार की वजह से उसकी बोलचाल बंद है।
सूचना पाकर मिर्जापुर थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एसपी एस. आनंद ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की वजह स्पष्ट होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और तहरीर के आधार पर केस दर्ज कर पुलिस कार्रवाई करेगी। मामले की जांच की जा रही है।
गले पर चोट के निशान
रामादेवी के गले में चोट के निशान मिले हैं। पुलिस के मुताबिक महिला का पोस्टमार्टम पैनल के माध्यम से कराया जाएगा। पोस्टमार्टम की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। सोमवार को किसी कारण से पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। अब पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा जिसके बाद मौत का कारण साफ होगा।