शाहजहांपुर। एयरगन से सिर पर छर्रा मारने के दोषी को अदालत ने आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया है। साथ ही 30 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया है।
निगोही थाना क्षेत्र के डींग गांव के रहने वाले बबलू ने चार अक्तूबर 2023 को तहरीर देकर बताया था कि उनके पिता मंगली सुबह करीब छह बजे दरवाजे के पास कुर्सी पर बैठकर चाय पी रहे थे। तभी भक्सीपुर गांव का रहने वाला प्रकाश राना उर्फ चंकी वहां आया और घर के अंदर घुस गया। उसने घर के अंदर रखी उनकी एयर गन उठा ली।
उनके पिता मंगली की ओर तानकर बोला कि अब वह उन्हें जान से मार देगा। उसने एयरगन चला दी। उससे निकला छर्रा पिता के सिर पर लगा। वह जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद चंकी वहां से भाग गया। शाहजहांपुर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान पिता की मौत हो गई।
पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज करने के बाद चंकी के खिलाफ आरोपपत्र अदालत भेजा। अदालत में गवाहों के बयानात और साक्ष्यों के आधार पर त्वरित न्यायालय के अपर सत्र न्यायाधीश नरेंद्र नाथ पांडेय ने प्रकाश राना उर्फ चिंकी को आजीवन कारावास की सजा से दंडित किया।