पुवायां। कार लूटकर पुवायां निवासी चालक अवनीश दीक्षित की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंकने के आरोपी गुरुसेवक का लखनऊ में अंतिम संस्कार कर दिया गया है।
पुवायां से छह अक्तूबर को कार बुकिंग पर ले जाने के बाद चालक मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी अवनीश की हत्या कर कार लूट ली गई थी और शव को रोजा के रेलवे मैदान की झाड़ियों में फेंक दिया गया था। कार को गांव पटई निवासी गुरुसेवक सिंह बुक करवाकर ले गया था। 12 अक्तूबर की रात गुरुसेवक को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया था।
गुरुसेवक के ताऊ और बहन ने शव लेने से इन्कार कर दिया था। इसके बाद लखनऊ पुलिस उत्तराखंड के नानकमता कस्बे से गुरुसेवक के पिता बलविंदर सिंह को साथ ले गई थी। बुधवार को लखनऊ में गुरुसेवक का पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया गया। पिता ने गुरुसेवक को मुखाग्नि दी।
उधर, फरार चल रहे कांट के गांव कमलनैनपुर के दानिश की तलाश में पुवायां पुलिस की तीन टीमें जुटी हुईं हैं, लेकिन अभी तक उसका कोई पता नहीं चल सका है।