पुवायां (शाहजहांपुर)। कार लूटकर चालक अवनीश दीक्षित की हत्या कर शव झाड़ियों में फेंकने का तीसरा आरोपी अब भी पुलिस की पकड़ से दूर हैं। लखनऊ पुलिस ने मुठभेड़ में हरदोई के अजय को गिरफ्तार किया था जबकि पुवायां के गुरुसेवक को मार गिराया था।
पुवायां से छह अक्तूबर को कार बुकिंग पर ले जाने के बाद चालक मोहल्ला कसभरा तकिया निवासी अवनीश की हत्या कर शव को रोजा के रेलवे मैदान की झाड़ियों में फेंक दिया था। बदमाश कार लेकर भाग निकले थे। कार को गांव पटई निवासी गुरुसेवक सिंह बुक करवाकर ले गया था।
12 अक्तूबर की रात गुरुसेवक को मुठभेड़ के दौरान मार गिराया गया था। मामले में शामिल कांट के गांव कमलनैनपुर के बदमाश दानिश का अब तक कोई पता नहीं चल सका है।
लखनऊ पुलिस ने गुरुसेवक को मारकर पुवायां पुलिस को राहत दी है, लेकिन पुवायां पुलिस का मुखबिर तंत्र पूरी तरह से फेल रहा है। कांट का बदमाश पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। सीओ प्रवीण मलिक ने बताया कि लखनऊ पुलिस के अनुसार घटना में तीन बदमाश शामिल थे। एक मारा जा चुका है और एक गिरफ्तार है। पुलिस टीम लगी हुई है, जल्द ही तीसरा बदमाश पकड़ा जाएगा। थाना प्रभारी ने बताया कि गुरुसेवक के पिता लखनऊ पुलिस के साथ लखनऊ गए हैं।