मदनापुर। मथाना में रविवार सुबह रुपये के लेन-देन के विवाद में कुछ लोगों ने युवक की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। बचाने पहुंचे उसके भाई को भी घायल कर दिया। घटना के बाद गुस्साए लोगों ने थाना गेट पर जाम लगा दिया। जिसे बाद में सीओ सदर ने कार्रवाई का आश्वासन देकर खुलवाया। घटना की रिपोर्ट मृतक के भतीजे की ओर से रुपयों के लेनदेन को लेकर हुए विवाद में आठ लोगों के खिलाफ एकराय होकर हत्या, हत्या के प्रयास आदि धारा में दर्ज की गई है। एक हत्यारोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य की तलाश में दबिशें दी जा रहीं हैं।
क्षेत्र के गांव धीरपुर निवासी 35 वर्षीय रामलखन शुक्ला का अपने गांव से एक किलोमीटर दूर मथाना गांव निवासी बृजेश सिंह के पास उठना-बैठना था। रविवार सुबह रामलखन अपने भाई विनय शुक्ला के साथ बृजेश की दुकान से गेरू लाने की बात कहकर घर से निकले थे। साथ में भतीजा सचिन शुक्ला था। वह गेरू लेकर गांव को लौट गया और रामलखन बृजेश की दुकान पर रुक गए। बताते हैं कि रुपयों के लेन-देन को लेकर रामलखन की बृजेश से कहासुनी होने लगी। सूचना पर पहुंचे भतीजे आशीष शुक्ला के मुताबिक विवाद बढ़ने पर बृजेश सिंह और उसका बेटा जागेश सिंह, राहुल सिंह, भाई अवधेश सिंह व परिवार के अर्जुन, धर्मवीर, सरकतू, रवि सिंह लाठी-डंडा लेकर आ गए और चाचा रामलखन को इतना पीटा कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दूसरे चाचा विनय शुक्ला ने बचाने की कोशिश की तो उन्हें भी पीटकर बेदम कर दिया। आशीष ने बताया कि वह मौके पर गया तो हमलावरों ने उस पर फायर कर दिया। इसमें वह बाल-बाल बच गया। घटना के बाद हमलावर मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को जिला अस्पताल भिजवा दिया। जहां डॉक्टर ने रामलखन को मृत घोषित कर दिया। विनय को जिला अस्पताल मेे भर्ती करा दिया गया। वहीं घटना के बाद गुस्साए परिवार के लोगों ने थाने गेट पर यह कहते हुए जाम लगा दिया कि परिवार वालों को बिना बताए शव पोस्टमार्टम को भेज दिया। सीओ सदर परमानंद पांडेय ने मौके पर पहुंचकर गुस्साए लोगों को समझाया और हत्यारोपियों पर कार्रवाई का आश्वासन देकर शांत कराया, तब जाम खुला। पुलिस ने मृतक के भतीजे आशीष शुक्ला की तहरीर पर बृजेश और उसके दो पुत्रों व भाई समेत आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है। वहीं एक हत्यारोपी धर्मवीर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी को पुलिस दबिश दे रही है। आशीष का कहना है कि उसके चाचा रामलखन ने बृजेश को एक साल पहले 50 हजार रुपये उधार दिए थे। रुपये वापस मांगने पर विवाद हो गया।
रुपयों को लेकर काफी पहले विवाद हुआ था। रविवार को रामलखन मथाना में ठेका पर शराब पीने गया था। वहीं बृजेश से झगड़ा हो गया। जिसमें डंडा लगने से रामलखन की मौत हो गई। उसका भाई विनय घायल हो गया। एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। बाकी हत्यारोपियों की तलाश के साथ ही मामले की गहराई से विवेचना की जा रही है।
- दिनेश त्रिपाठी, एएसपी सिटी