बंडा। एक दिव्यांग युवक का शव मंगलवार शाम गन्ने के खेत में पड़ा मिला। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है। परिवार के लोगों ने हत्या की आशंका जताई है कि लेकिन किसी पर आरोप नहीं लगाया है।
गांव अखत्यारपुर धौकल निवासी 45 वर्षीय दिव्यांग जदुवीर मंगलवार सुबह खेत पर धान देखने की बात कहकर घर से निकला था। देर शाम तक घर नहीं पहुंचने पर पुत्र रामगोपाल उसकी तलाश करने पहुंचा तो जदुवीर की बैशाखी खेत में लगे पंपिंग सेट के पास पड़ी मिली। तलाश करने पर उसका शव पास के गन्ने के खेत में पड़ा मिला। जदुवीर का पेट फटा हुआ था। सूचना घर पहुंची तो परिवार में कोहराम मच गया। पुत्र अमरजीत, पत्नी यशोदा देवी, मां सावित्री देवी सहित परिवार के सभी सदस्य रोते बिलखते खेत पर पहुंचे। जानकारी पाकर गांव के तमाम लोग भी मौके पर जमा हो गए। परिवार के लोगों ने मामले की जानकारी पुलिस को दी।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भिजवाया। मृतक के पुत्र अमरजीत और रामगोपाल ने पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताई है लेकिन किसी पर शक नहीं जताया है। कार्यवाहक थाना प्रभारी संतोष सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया गया है। पोस्टमार्टम में मौत का कारण स्पष्ट होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।