लायंस क्लब सहेली का दो दिवसीय मेला सांस्कृतिक कार्यक्रमों, विभिन्न प्रतियोगिताओं, लकी ड्रॉ और सहयोगियों को पुरस्कृत करने के साथ ही संपन्न हो गया। अंतिम दिन लोगों ने दीपावली के मद्देनजर उपयोगी साज-ओ-सामान की जमकर खरीददारी की।
निर्धन परिवार की कन्याओं का विवाह कराने जैसे पुनीत कार्य के लिए आर्य समाज मैदान में लगाए गए मेले में महिलाओं ने जहां साड़ियां, सूट, घरेलू सजावट का सामान, गिफ्ट पैक आदि खरीदे वहीं बुटीक स्टॉल के माध्यम से महिलाओं ने अपने हुनर का प्रदर्शन भी किया। इस दौरान मोबाइक और कारों का डिस्प्ले भी किया गया। सायंकालीन सत्र में सांस्कृतिक कार्यक्रम हुए, जिसमें सेव गर्ल्स चाइल्ड, रसोई की रानी, सेल्फी विद डॉटर आदि पर आधारित कार्यक्रम खूब सराहे गए। मेले में रॉयन इंटरनेशनल स्कूल, पंजाब नेशनल बैंक के स्टाल भी सराहे गए। इस अवसर पर मिसेज शाहजहांपुर का चयन भी किया गया, जिसमें कंचन अरोड़ा को विजेता घोषित कर ताज पहनाया गया। द्वितीय विजेता तरनजीत कौर और तृतीय स्थान पर रोली खन्ना रहीं।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में प्रधानाचार्य वर्षा अग्रवाल, मंजुला अग्रवाल आदि शामिल रहीं। डॉ. इंदु अजनबी के संचालन में हुए समापन कार्यक्रम मेें क्लब के पूर्व डिस्ट्रिक्ट गवर्नर प्रमोद चंद्र सेठ और संजय चोपड़ा, जावेद अनवर, सुरेश सिंघल, संजय सेठी, दिनेश, चार्टर अध्यक्ष मीरा सेठ, मुक्ता वोरा, मीरा सक्सेना, डॉ. संगीता मोहन, सुषमा मेहरोत्रा, शोभा सेठ, पूनम सेठ, प्रिया अग्रवाल, एकता अग्रवाल, रजनी गुप्ता, मीनू गुप्ता आदि मौजूद रहे। अध्यक्ष ज्योति गुप्ता ने सभी अतिथियों और सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
ऋचा ने जीती सेल्फी विद डॉटर प्रतियोगिता
शाहजहांपुर। लायंस क्लब सहेली के दीपावली मेले के अंतिम दिन सेल्फी विद डॉटर नामक प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। इस प्रतियोगिता में जिले के सभी जाति-धर्मों के लोगों ने सहभागिता करते हुए 75 सेल्फी भेजीं। बेटियों की इन सेल्फी में इमोशनल मैसेज भी अभिभावकों ने लिखकर भेजे। मुख्य संयोजक डॉ. संगीता मोहन ने बताया कि समाज में बेटियों के प्रति लोगों का नजरिया बदलने में ऐसे कार्यक्रम मील के पत्थर साबित होंगे और दूसरी ओर हमारी बेटियों का मनोबल भी बढ़ेगा। प्रतियोगिता के निर्णायक मंडल में तिलहर की समाजसेविका मंजुला अग्रवाल, रायन स्कूल की प्रधानाचार्य वर्षा अग्रवाल, लीड कॉंवेंट की प्रधानाचार्य तराना जमाल रहीं। प्रतियोगिता में ऋचा गुप्ता के सेल्फी ने प्रथम, रचना व प्रथा ने दूसरा और समराना रियाज ने तीसरा स्थान पाया।