शाहजहांपुर रोड पर ट्रक से हुआ दर्दनाक हादसा
महिला पिता के साथ बाइक से जा रही थी मायके
मैनपुरी का युवक आया ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में
शाहजहांपुर रोड पर शुक्रवार शाम विश्रामनगर की मढ़ैया के पास नौ माह के मासूम और उसकी मां की ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत हो गई। महिला अपने पिता के साथ ससुराल से मायके जा रही थी। हादसे में उसके पिता को मामूली चोट आई है। इधर, बृहस्पतिवार रात बस स्टैंड के पास गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेेट में आकर मैनपुरी के युवक की जान चली गई।
थाना कांट के गांव मजरा रामपुर में सरोज को ब्याही 26 वर्षीय रीका को ससुराल से लेने के लिए उसके पिता रामनिवास थाना मिर्जापुर के गांव राजेरायपुर से आए थे। शुक्रवार को रीका नौ माह के बेटे को साथ लेकर बाइक से अपने पिता के साथ मायके जाने के लिए निकली। शाम लगभग 4.30 बजे बाइक जलालाबाद थाना क्षेत्र में विश्रामनगर की मढ़ैया के पास पहुंची, तभी पीछे से तेज रफ्तार आए ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रीका अपने नौ माह के मासूम बेटे के साथ बाइक से सड़क पर गिर गई। इतने में ही ट्रक का पिछला पहिया उसे रौंदते हुए आगे निकल गया और उन दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद चालक मय ट्रक के भाग गया। रामनिवास सड़क के दूसरी तरफ गिरने के कारण बाल-बाल बच गए। उन्हें मामूली चोटें आईं। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शव नगरिया सीएचसी पर पहुंचा दिए। जानकारी मिलते ही परिवार वाले भी रोते बिलखते पहुंच गए।
इधर, बृहस्पतिवार देर रात जलालाबाद बस स्टैंड के पास गन्ना भरी ट्रैक्टर-ट्राली की चपेट में मैनपुरी के थाना भोगांव के महानंदपुर धुबिया निवासी 25 वर्षीय हसमुद्दीन की मौत हो गई। वह जलालाबाद के मोहल्ला रुस्तमपुर स्थित ससुराल से पत्नी को विदा कराने आया था। घटना के समय वह अकेले पैदल सड़क पर था। उसके पास मिले मोबाइल से घरवालों को पुलिस ने जानकारी दी।
हर किसी की नम थी आंखें
जलालाबाद। नौ माह के अबोध बालक और महिला का शव सड़क पर अलग-अलग कुछ दूूरी पर पड़े थे। मांस के लोथड़े सड़क पर बिखरे पड़े थे और महिला के पिता रामनिवास दोनों के शव देखकर बिलख रहे थे। इस घटना ने हर किसी को झकझोर के रख दिया। दोनों के शव देखकर किसी की आंखें नम हो रही थीं। घटना स्थल पर भीड़ बढ़ती देख पुलिस ने दोनों के शव नगरिया सीएचसी पहुंचा दिए।
घटना के बाद ड्राइवर ट्रक लेकर भाग गया। उसके बारे में पता किया जा रहा है। अभी घरवालों की ओर से कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर मामले की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
- भरत गौतम, थानाध्यक्ष जलालाबाद