शाहजहांपुर/कांट। लखनऊ हाईवे पर खीरी के ऊचौलिया के पास रविवार तड़के टूरिस्ट बस की टक्कर से एंबुलेंस पलट गई। हादसे में एंबुलेंस में सवार कांट थाना क्षेत्र के मरहैया गांव निवासी अंजुम (50) और उनके बेटे अनवर (28) की मौत हो गई। अनवर शनिवार रात कार हादसे में घायल हो गया था, उसका इलाज कराने के लिए मां अंजुम उन्हें लखनऊ लेकर जा रही थीं।
अनवर के चाचा शबाव ने बताया कि शनिवार को उनका भतीजा अपने चार साथियों के साथ कार से दोस्त की शादी में शामिल होने के लिए निगोही गया था। शनिवार रात करीब 11 बजे लौटते समय टिकरी चौकी क्षेत्र में कार पलटने से अनवर घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से उन्हें राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया।
हालत गंभीर देखकर रविवार सुबह करीब साढ़े तीन बजे अनवर को लखनऊ रेफर कर दिया गया। अनवर की मां अंजुम, चाचा रशीद, मामा पप्पू उन्हें लेकर लखनऊ जा रहे थे। दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर उचौलिया के पास अचानक सामने आए घोड़े को बचाने में नेपाल से दिल्ली जा रही बस की टक्कर लगने के बाद एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पलट गई।
हादसे में अंजुम की मौके पर ही मौत हो गई। सांसें चलती देख अनवर को परिजन राजकीय मेडिकल कॉलेज लेकर गए। वहां से उन्हें बरेली रेफर किया गया। फरीदपुर के पास अनवर ने भी दम तोड़ दिया। एंबुलेंस में सवार बाकी लोगों को मामूली चोटें आईं। संवाद
मां-बेटे की मौत से सदमे में परिजन
परिजनों ने बताया कि अनवर दो भाइयों में छोटा था। अनवर व मां की मौत की सूचना पर बड़े भाई अजमल बेसुध हो गए। अनवर अविवाहित थे और निजी नौकरी करते थे। उनका एक भाई अजमल मुंबई में रहकर काम करता है। मां-बेटे की मौत से परिजन सदमे में है।
अनवर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन
अनवर का फाइल फोटो। स्रोत: परिजन